विराट कितने ही रिकॉर्ड बना लें, आउट तो ये बॉलर ही करता है!
63 रन बनाकर बढ़िया खेलते-खेलते फिर फंस गए विराट.
Advertisement

हेज़लवुड और रिचर्डसन के अलावा पाकिस्तान के जुनैद खान तीसरे ऐसे गेंदबाज़ हैं, जिन्होंने विराट को लगातार तीन मैचों में आउट किया है. फोटो: AP
विराट कोहली कितने ही रिकॉर्ड बनाए, कितनी बड़ी पारियां खेलें. लेकिन ऑस्ट्रेलियन पेसर जोश हेज़लवुड के आगे वो हर बार फंस जाते हैं. 2020 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अब तक भारत ने तीन वनडे मुकाबले खेले हैं और तीनों में विराट कोहली को वापसी का रास्ता जोश हेज़लवुड ने ही दिखाया है.
पहले और दूसरे वनडे के बाद अब तीसरे मैच में भी विराट कोहली, जोश हेज़लवुड का शिकार बन गए हैं.
कप्तान विराट कोहली 78 गेंदों पर 63 रन बनाकर खेल रहे थे कि तभी हेज़लवुड की एक गेंद पर उनके बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेट के पीछे एलेक्स कैरी ने कोई भी गलती नहीं की.
इससे पहले दूसरे वनडे में भी विराट हेज़लवुड की गेंद पर मोएसिज़ हेनरिकेज़ को कैच देकर आउट हो गए थे. जबकि पहले वनडे में भी हेज़लवुड ने ही विराट को चलता किया था.
वनडे क्रिकेट में हेज़लवुड ने विराट को सिर्फ 54 गेंदें फेंकी हैं. जिनमें चार बार वो विराट को आउट करने में कामयाब रहे हैं. विराट ने हेज़लवुड के खिलाफ सिर्फ 35 रन बनाए हैं और वो भी 8.75 की औसत से.
इससे पहले साल 2019 में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली लगातार तीनों वनडे में झाय रिचर्डसन की गेंद पर आउट हुए थे.
इस मैच में विराट कोहली ने 63 रन की पारी के साथ 12,000 वनडे रन भी पूरे कर लिए हैं. वो इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के सबसे तेज़ बल्लेबाज़ भी हो गए हैं.
तीसरे वनडे में जब विराट आउट हुए तो भारत का स्कोर 152 रन पर पांच विकेट हो गया था. लेकिन उसके बाद हार्दिक पांड्या और रविन्द्र जडेजा की बेहतरीन पारी से भारत ने 302 रन बनाए.

.webp?width=60)

