दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम में बड़ा बदलाव, सूर्या की जगह अय्यर टीम में शामिल
अय्यर पिछला टेस्ट नहीं खेल पाए थे.
.webp?width=210)
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच दिल्ली में दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो चुका है. पहला टेस्ट जीत चुकी टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टीम में बड़ा बदलाव किया. टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को मौका दिया है, जबकि सूर्यकुमार यादव (Suryakumar yadav) प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बरकरार नहीं रख पाए हैं.
वहीं पहला टेस्ट मैच हारने वाली कंगारू टीम ने भी इस मैच में दो बदलाव किए हैं. टीम में धाकड़ बल्लेबाज़ ट्रेविस हेड (Travis Head) की वापसी हुई है. उन्हें मैट रेनशॉ की जगह टीम में शामिल किया गया है. जबकि स्कॉट बोलैंड की जगह मैथ्यू कुहनेमन को मौका दिया गया है.
सूर्यकुमार यादव ने इस सीरीज के पहले मैच में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. हालांकि इस मैच में सूर्यकुमार यादव बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए थे और वो पहली पारी में वो 8 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए थे. वहीं दूसरी पारी में भारतीय टीम की बैटिंग ही नहीं आई, जिस वजह से उन्हें कोई कमाल दिखाने का मौका ही नहीं मिल पाया. वहीं श्रेयस अय्यर की बात करें तो पिछले कुछ समय से वो टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में कमाल का प्रदर्शन कर रह हैं, जिसके चलते इंजरी से लौटने के बाद सीधा उन्हें टीम में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.
अय्यर ने टीम इंडिया के लिए अभी तक 7 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 56.73 की औसत से 624 रन बनाए हैं. इस दौरान श्रेयस अय्यर ने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं. साथ ही श्रेयस अय्यर ने अपने फॉर्म को वनडे क्रिकटे में भी बरकरार रखा है. उन्होंने टीम इंडिया के लिए अभी तक 42 वनडे मैच भी खेले हैं, जिसमें 46.6 की औसत से उन्होंने कुल 1631 रन बनाए हैं.
#भारत की प्लेइंग इलेवन:रोहित शर्मा (c), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, श्रीकर भरत (w), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज.
#ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन:डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुसेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स केरी (w), पैट कमिंस (c), टॉड मर्फी, नाथन लियोन, मैथ्यू कुहनेमन.
वीडियो: Ind vs Aus के पहले टेस्ट मैच के बाद नागपुर की पिच पर जाडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के मज़े ले लिए!

