The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs AUS No Josh Hazelwood and Mitchell Starc in the first Test against India

नागपुर टेस्ट शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया को बहुत बड़ा झटका लग गया

मिचेल स्टार्क पहले से ही बाहर थे.

Advertisement
pic
5 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 5 फ़रवरी 2023, 12:53 PM IST)
Australian Team Practise_IND vs AUS_Josh Hazlewood_Scott Boland. Photo: PTI
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम. Photo: PTI
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो रही टेस्ट सीरीज़ से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है. नौ फरवरी से शुरू हो रहे नागपुर टेस्ट की टीम से ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड बाहर हो गए हैं. उन्हें बाएं पैर की पिंडली में परेशानी की वजह से टीम से बाहर रखा गया है. पहले टेस्ट से बाहर होने के साथ-साथ अब उनके दिल्ली में होने वाले दूसरे टेस्ट में भी खेलने पर शंका है.

जोश हेज़लवुड के बाहर होने पर अब तेज़ गेंदबाज़ स्कॉट बोलैंड को विदेश में पहला टेस्ट खेलने का मौका मिल सकता है. क्योंकि टीम के दूसरे तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क और कैमरून ग्रीन उंगली में चोट की वजह से मैच खेलने के लिए फिट नहीं हैं.  

जोश हेज़लवुड का चोटिल होना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी परेशानी है. क्योंकि वो पहले ही पिछले दो साल में सिर्फ चार टेस्ट खेल पाए हैं. इससे पहले हेज़लवुड पिछले साल वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे. जिसकी वजह से वो सीरीज़ के दूसरे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ पहले दोनों टेस्ट से बाहर थे. इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ तीसरे टेस्ट में वापसी की लेकिन अब फिर से चोट की वजह से वो नागपुर टेस्ट से बाहर हो गए हैं.

हेजलवुड का कहना है कि उन्हें ये चोट जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ टेस्ट के दौरान SCG (सिडनी क्रिकेट ग्राउंड) में खराब रनअप की वजह से लगी है. जिसके बाद अलूर में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेनिंग कैम्प में भी उन्होंने ज़्यादा गेंदबाज़ी नहीं की. हालांकि वो वापसी का पूरा प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि वह नौ फरवरी से नागपुर टेस्ट शुरू होने से दो दिन पहले गेंदबाजी शुरू करेंगे.

नागपुर टेस्ट से पहले हेज़लवुड  ने कहा,

'ये चोट सिडनी टेस्ट से ही परेशान कर रही है. हमने बहुत अधिक बारिश के बाद वहां गेंदबाज़ी की और जहां से हम जम्प-ऑफ ले रहे थे वो काफी नरम था. उन्होंने उसे बदला भी लेकिन यह एक हद तक ही काम करता है. मैं घर पर भारत दौरे के लिए गेंदबाजी कर रहा था, और काफी ज़ोर दे रहा था. लेकिन यह पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाया. यानी जैसा मैं हर एक सीज़न के गैप में चाहता हूं.'

जोश हेज़लवुड की जगह पर स्कॉट बोलैंड को इस्तेमाल करने की बात हो रही है. उन्होंने अब तक छह टेस्ट मुकाबलों में 12.21 की शानदार औसत से 28 विकेट्स चटकाए हैं. हालांकि उन्होंने ये सभी गेम्स अब तक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में खेले हैं. हेज़लवुड ने उन पर कहा,

'स्कॉटी ने MCG की फ्लैट विकेट पर बहुत गेंदबाज़ी की है. जबकि वहां ना तो कोई स्विंग थी और ना ही रिवर्स स्विंग. इसलिए वो अच्छे से जानते हैं कि ऐसे विकेट्स पर कैसे लंबे समय तक कड़ी मेहनत करनी होती है. दूसरी तरफ लांस मॉरिस हैं जिसने पिछले महीने रिवर्स स्विंग पर कड़ी मेहनत की है, और फिर यहां कुछ सेशन्स में अच्छा किया है. खिलाड़ी सबसे पहले उपमहाद्वीप में खेलने के लिए उत्साहित हैं, वे दोनों अभी तक नहीं खेले हैं, लेकिन वे ऐसा करने के लिए बहुत काबिल हैं.'

दोनों टीम्स के बीच गुरुवार को पहला टेस्ट शुरू होगा. उससे पहले मेहमान टीम सोमवार को बेंगलुरु से नागपुर पहुंचेगी. 

वीडियो: रवि अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए बताया, कौन करेगा ऋषभ पंत की भरपाई

Advertisement

Advertisement

()