The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs AUS: Harmanpreet Kaur reacts to Nasser Hussains schoolgirl error remark

नासिर हुसैन ने हरमनप्रीत के रन आउट पर तंज कसा, इंडियन कैप्टन ने पलटकर क्या जवाब दिया है?

हरमनप्रीत टीम को जीत के बेहद करीब ले गईं थी

Advertisement
pic
24 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 24 फ़रवरी 2023, 10:38 AM IST)
 Nasser Hussain, Harmanpreet kaur, IND vs AUS
नासिर हुसैन (Twitter)
Quick AI Highlights
Click here to view more

इंडियन विमेंस क्रिकेट टीम को T20I वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. गुरुवार, 23 फरवरी को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5 रन से हरा दिया. इंडियन कैप्टन हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) का रन आउट होना मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा. उनके इस तरह से आउट होने को इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी नासिर हुसैन (Nasser Hussain) ने स्कूल गर्ल मिस्टेक बताया. जिसका हरमनप्रीत ने करारा जवाब दिया है.

मैच में इंडियन कैप्टन 34 गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हुईं. दो रन लेने के दौरान हरमनप्रीत का बैट जमीन पर अटक गया था, और इस वजह से वो क्रीज के अंदर नहीं पहुंच पाईं. ऐसे में जब प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हरमनप्रीत कौर से नासिर हुसैन की बात को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया. इस दौरान हरमन से एक रिपोर्टर ने पूछा,

‘आप अपने रन आउट होने की गलती को कैसे देखते हैं, क्योंकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने इसे स्कूल गर्ल मिस्टेक बताया है?’

जिसका जवाब देते हुए इंडियन कैप्टन ने कहा कि मैं अनलकी थी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्कूल गर्ल वाली गलती थी. उन्होंने कहा,

‘मैं नहीं जानती कि उन्होंने क्या सोचकर ये कहा है, लेकिन कभी-कभी ऐसा होता है. मैंने क्रिकेट में कई बार ऐसा देखा है, जब बल्लेबाज इस तरह से रन ले रहे होते हैं और कभी-कभी बैट अटक जाता है. मैं अनलकी थी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्कूल गर्ल वाली गलती थी. मैं मैच्योर हूं और इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रही हूं.’

# मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 172 रन बनाए. टीम की ओर से बेथ मूनी ने अर्धशतक लगाया. उन्होंने 37 गेंदों में 54 रन की पारी खेली.  वहीं कप्तान मेग लेनिंग 34 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहीं. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए. जबकि  एश्ले गार्डनर 18 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुईं. भारत की ओर से शिखा पांडे ने 32 रन देकर 2 विकेट लिए. 

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को 11 के स्कोर पर शेफाली वर्मा के रूप में पहला झटका लगा. वहीं स्मृति मांधना भी 2 रन बनाकर LBW आउट हो गईं. जबकि कुछ देर बाद ही यास्तिका भाटिया भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. हालांकि यहां से जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बेहतरीन पार्टनरशिप की. 

दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 69 रन की पार्टनरशिप की. जेमिमा ने 43 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 52 रन की पारी खेली. इसके बाद आखिरी के ओवर्स में दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की. लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला पाईं. और भारतीय टीम 8 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी.

वीडियो: T20 वर्ल्ड कप 2023 Ind Vs Pak मैच में जेमीमा-ऋचा ने मिलकर टीम इंडिया को पहली जीत दिला दी!

Advertisement

Advertisement

()