'अकेले कमिंस ही क्यों, ऑस्ट्रेलिया की भद्द पिटवाने में डेनियल विटोरी भी पीछे नहीं!'
'मैदान पर खेलकर नहीं बल्कि वो वीडियो देखकर फैसले लेते हैं'

ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती दोनों मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा हैं. कंगारू टीम इन दोनों ही मुकाबले में भारत को कोई टक्कर नहीं दे सकी है. खासकर इंडियन स्पिनर्स के सामने ऑस्ट्रेलियन टीम एकदम बेबस नजर आई है. जिसके बाद टीम के कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) की खूब आलोचना हो रही है. अब दिग्गज ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी ज्योफ लॉसन ने कमिंस के साथ-साथ टीम के असिस्टेंट कोच डेनियल विटोरी (Daniel Vettori) पर भी निशाना साधा है.
नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं दिल्ली टेस्ट में इस टीम को 6 विकेट से हार मिली. भारत ने इन दोनों टेस्ट मैच को तीन दिन के अंदर ही जीत लिया. ऐसे में लॉसन ने कमिंस की लीडरशिप को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
लॉसन के मुताबिक कमिंस स्पिन ट्रैक पर काफी कम मैच खेलते हैं और इसी वजह से वो कुछ क्रिएटिव नहीं कर पाते हैं. उन्होंने SEN रेडियो पर बात करते हुए कहा,
‘कमिंस को स्पिन ट्रैक पर कप्तानी का बहुत कम ही अनुभव रहा है. क्योंकि वो शेफील्ड शील्ड जैसे टूर्नामेंट में काफी कम मैच खेले हैं. वो स्पिन ट्रैक पर भी काफी कम खेलते हुए नजर आते हैं. तो वो इस तरह की विकटों पर कुछ क्रिएटिव करने की जरूरत पड़े तो कैसे कर सकते हैं? वो यह नहीं कर सकते. वो सिर्फ पुराने वीडियो देखकर फैसले ले सकते हैं.’
लॉसन ने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलियन बोलर्स के पास भारत के लोअर ऑर्डर बल्लेबाज़ के बीच होने वाली पार्टनरशिप को तोड़ने के लिए कोई प्लान नहीं था. उन्होंने कहा,
‘दूसरे टेस्ट में जब अक्षर पटेल और अश्विन के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी हो रही थी, तो हमें यह पता ही नहीं था कि इसे कैसे तोड़ा जाए. दोनों टेस्ट मैचों में भारत के लोअर ऑर्डर ने कुछ अच्छी साझेदारियां की और उन्होंने हमने मैच छीन लिए.’
साथ ही लॉसन ने टीम के असिस्टेंट कोच डेनियल विटोरी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने टीम के स्पिनर्स को कोई सलाह नहीं दी. उन्होंने कहा,
‘डेनियल विटोरी दुनिया के महान स्पिनर्स में शुमार रहे हैं. उन्हें सलाह देनी चाहिए थी कि आपको कैसे बोलिंग करनी चाहिए और इंडियन स्पिनर्स का सामना हमें कैसे करना चाहिए. लेकिन वो ये सब नहीं कर पाए’
बताते चलें कि इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर में शुरू होगा. जहां कंगारू टीम सीरीज़ में वापसी करने की कोशिश करेगी. हालांकि डेविड वॉर्नर और हेजलवुड जैसे प्लेयर्स के बिना ऑस्ट्रेलिया के लिए ये आसान नहीं रहने वाला है.
वीडियो: Ind vs Aus के पहले टेस्ट मैच के बाद नागपुर की पिच पर जाडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के मज़े ले लिए!

