The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • IND vs AUS 3rd test day 4 live Wriddhiman Saha took a blinder as Saini got Marnus Labuschagn

आपने मिस तो नहीं कर दिया ऋद्धिमान साहा का स्पाइडर-मैन अवतार?

सुबह-सुबह गरम हो गया माहौल.

Advertisement
pic
10 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 10 जनवरी 2021, 08:36 AM IST)
Img The Lallantop
Wriddhiman Saha ने गज़ब कैच पकड़ Marnus Labuschagne को आउट किया (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
सिडनी टेस्ट का चौथा दिन. मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ खेलने उतरे. दोनों ने तीसरे दिन का अंत नाबाद रहते हुए किया था. दिन की दूसरी गेंद. जसप्रीत बुमराह ने फेंकी. लाबुशेन ने इसे सीधे स्क्वायर लेग पर खड़े हनुमा विहारी के हाथ में उछाल दिया. मिडिल और लेग स्टंप की इस लेंथ बॉल को लाबुशेन ने फ्लिक किया. लेकिन वह बॉल को नीची नहीं रख पाए. बॉल घुटने की ऊंचाई पर थी और सीधी जाकर विहारी की कलाई पर लगी. कैच गिर गया. लाबुशेन ने दौड़कर सिंगल लिया और 48 के निजी स्कोर पर पहुंच गए. इस कैच के गिरने से इंडियन फैंस और कॉमेंटेटर्स दोनों बेहद निराश हुए. जसप्रीत बुमराह ने अविश्वास में दोनों हाथों से अपना चेहरा ढंक लिया. सबको लगा कि ये गलती बहुत-बहुत भारी पड़ने वाली है. क्योंकि लाबुशेन इतनी आसानी से विकेट नहीं देते. ख़ैर... मैच आगे बढ़ा. # Saha बने Spider-Man लाबुशेन ने जल्दी ही अपना पचासा पूरा किया. मैच के तीसरे दिन की तरह वह चौथे दिन भी तेजी से रन जोड़ रहे थे. इस बीच टोटल स्कोर 138 पर पहुंच चुका था. लाबुशेन 73 रन पर खेल रहे थे. नवदीप सैनी अपना 10वां ओवर लेकर आए. ओवर की पहली गेंद. लेंथ पर पड़कर एंगल बनाने हुए लेग स्टंप की ओर निकल रही थी. लाबुशेन ने इसे धीरे से खेलना चाहा. जिसको हमारे यहां, छुआना कहते हैं. उनकी कोशिश सफल रही. वह गेंद और बल्ले का संपर्क कराने में कामयाब रहे. लेकिन इन सबके बीच बॉल उनसे इतना दूर निकल गई कि बस संपर्क ही हुआ. क्रिकेट की भाषा में जिसे एज लगाना कहते हैं. तो बॉल ने बल्ले का एज लिया और पीछे की ओर निकली. ऋषभ पंत के सब्सिट्यूट के रूप में उतरे विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने अपनी बाईं ओर फुल लेंथ डाइव मार गेंद को लपक लिया. साहा बने स्पाइडर-मैन और लाबुशेन को वापस जाना पड़ा. साहा का यह कारनामा ट्विटर ट्रेंड बनने के लिए काफी था. देखते ही देखते हजारों लोग उनकी तारीफ में ट्वीट करने लगे. Saha ट्रेंड पर दिखे हजारों ट्वीट्स के चलते लग ही नहीं रहा था कि यह मैच सर्दियों की अलसुबह खेला जा रहा है. थोड़ी ही देर बाद साहा ने सैनी की ही गेंद पर मैथ्यू वेड को भी लपका. उन्होंने मैच के तीसरे दिन विल पुकोव्स्की का कैच भी लिया था. हालांकि यह सारे कैच उनके रिकॉर्ड में नहीं जाएंगे क्योंकि वह सब्सिट्यूट फील्डिंग कर रहे हैं.

Advertisement

Advertisement

()