जो विराट-रोहित सालों में नहीं कर पाए, वो सूर्या ने कर दिखाया
सूर्या ने तोड़ा एक और रिकॉर्ड.
.webp?width=210)
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav). इंडियन टीम के स्टार बल्लेबाज़ ने ताजा जारी ICC रैंकिंग में अपनी बादशाहत कायम रखी है. साथ ही पिछले साल क्रिकेट के मैदान पर कई रिकॉर्ड तोड़ने वाले विस्फोटक खिलाड़ी ने एक बड़ा मुकाम भी हासिल कर लिया है. T20I रैंकिंग में सूर्या के कुल 908 रेटिंग पॉइंट हैं. इसके साथ ही Virat Kohli को पीछे छोड़ते हुए सूर्या ऑस्ट्रेलियन कप्तान आरोन फिंच और इंग्लैंड के ओपनर दाविद मलान के क्लब में शामिल हो गए हैं.
सूर्या ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए आखिरी T20I मुकाबले में शतकीय पारी खेली थी. उन्होंने महज 51 गेंद पर 112 रन बनाए. इस पारी के बाद सूर्या के रेटिंग पॉइंट्स अब 900 से ज्यादा हो गए हैं. और वो ये मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
ताजा जारी रैंकिंग में सूर्या के कुल रेटिंग पॉइंट 908 हैं. इससे पहले कोई और भारतीय बल्लेबाज़ 900 के आंकड़े को छू नहीं पाया था. सूर्या से पहले भारत के लिए सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था. जिनके नाम सबसे ज्यादा 897 रेटिंग पॉइंट रहे थे. सूर्या के अलावा महज दो और खिलाड़ियों, आरोन फिंच और दाविद मलान ने 900 से ज्यादा रेटिंग पॉइंट हासिल किए थे. फिंच ने जुलाई 2018 में 900 का आंकड़ा टच किया था. जबकि इंग्लैंड के मलान ने दिसंबर 2020 को 915 पॉइंट बटोर लिए थे. अब सूर्या की नजर मलान के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करने पर होगी.
# Kohli-Rohit को हुआ फायदावहीं श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में शतक लगाने वाले विराट कोहली और हाफ सेंचुरी लगाने वाले Rohit Sharma को भी ताजा वनडे रैंकिंग में फायदा हुआ है. अब कोहली के 726 रेटिंग पॉइंट्स हैं और वह वनडे रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं रोहित शर्मा एक स्थान के फायदे के साथ आठवें नंबर पर हैं. रोहित के 715 रेटिंग पॉइंट्स हैं.
पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम 891 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वनडे रैंकिंग में नंबर एक की कुर्सी पर हैं. जबकि दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के रसी वैन डेर डुसें हैं, जिनके रेटिंग पॉइंट्स 766 हैं. गेंदबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट 744 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर हैं. जबकि ऑस्ट्रेलिया के जॉश हेज़लवुड 727 अंक के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
सूर्या की बैटिंग से हार्दिक को भी लगता है डर, इंडियन कैप्टन ने और भी कुछ कहा है!

