The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Here is what India needs to do to win semifinal against England in T20 World Cup 2022 semifinal Rohit Sharma Virat Kohli

इंग्लैंड को हराना है तो ये चार चीजें सुधार लो रोहित!

टीम इंडिया में अब भी चार कमियां हैं.

Advertisement
Rohit Sharma needs to change these four things to win Semifinal against England in T20 World Cup 2022
रोहित शर्मा (AP)
pic
सूरज पांडेय
9 नवंबर 2022 (अपडेटेड: 9 नवंबर 2022, 09:36 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

इंडियन क्रिकेट टीम तैयार है. T20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करने के लिए. इस मैच में जीते, तो मिलेगा फाइनल का टिकट. और अगर कुछ ऊंच-नीच हो गई तो पूरा मामला हो जाएगा खराब. और ऐसा कुछ ना हो, इसके लिए टीम इंडिया को क्या करना चाहिए? किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए? 

# बाएं हाथ से सुरक्षा

लेफ्ट आर्म पेसर और इंडियन टॉप ऑर्डर. कहानी बहुत दर्द भरी है. और इससे ज्यादा दर्द इस बात में है कि ये कहानी कई बार दोहराई जा चुकी है. फिर चाहे वो मोहम्मद आमिर हों, शाहीन शाह अफरीदी हों, ट्रेंट बोल्ट हों या फिर रीस टॉप्ली. हमारा टॉप ऑर्डर कई दफ़ा लेफ्ट आर्म पेसर्स के आगे ढह चुका है. और हमारी ये कमी पूरी दुनिया को पता है.

ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ़ हमें सैम करन से बचकर रहना होगा. और इसके लिए हम पाकिस्तान से प्रेरणा ले सकते हैं. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने शुरुआत में ट्रेंट बोल्ट को संभलकर खेला. उन्होंने बोल्ट और साउदी के पहले ओवर में बिल्कुल भी रिस्क नहीं लिया. ये अलग बात है कि बाबर थोड़े भाग्यशाली भी रहे. चौथी ही गेंद पर उनका कैच गिरा. लेकिन भाग्य का तो पता नहीं है कि किसकी ओर रहे, इसलिए हमें रिस्क लेने से जरूर बचना होगा.

# पावरप्ले का खेल

पावरप्ले में हमें अपना खेल बेहतर करना होगा. इस बात में तो कोई शक़ की गुंजाइश है ही नहीं. सभी को पता है कि पावरप्ले में हम कमजोर पड़ रहे हैं. और इसकी बड़ी जिम्मेदारी केएल राहुल और रोहित शर्मा की है.इन दोनों को ही पावरप्ले के उचित इस्तेमाल का रास्ता निकालना होगा. क्योंकि इसी रास्ते से होकर हमारा विजयरथ निकल पाएगा.

राहुल लगातार सेट होने के लिए पहला पूरा ओवर ले ले रहे हैं. अगर उनकी इस टैक्टिक्स में थोड़ा बदलाव आ जाएगा तो टीम इंडिया की काफी मदद हो जाएगी. क्योंकि अब सामने इंग्लैंड है, जो पहली गेंद से मारना शुरू करने के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. ऐसे में उनके आगे 20 ओवर के मैच को 19 ओवर का बनाने में कोई मजा नहीं है.

# अच्छी वाली फिनिशिंग

टीम इंडिया का अब तक का सफर देखेंगे तो विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव अलग ही दिखेंगे. लेकिन अब वक्त आ गया है जब हमारे लोवर मिडल ऑर्डर को जिम्मेदारी लेनी होगी. हार्दिक पंड्या और उनके आसपास बैटिंग के लिए आने वाले लोगों को बेहतर खेल दिखाना होगा. फिर चाहे वो दिनेश कार्तिक हों, दीपक हूडा हों या फिर ऋषभ पंत.

नंबर चार के बाद आने वाले बल्लेबाजों ने इस वर्ल्ड कप में बहुत खास प्रदर्शन नहीं किया है. और अब, सबसे जरूरी वक्त में भी अगर वह चूक गए तो गड़बड़ हो सकती है. इसलिए इन्हें अपना रोल और बेहतर करना होगा. मिलने वाली चार-छह-दस गेंदों में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे और टीम इंडिया को अच्छे टोटल तक ले जाना ही होगा.

# टीम सेलेक्शन

देखिए, हम तो आउटसाइड नॉइज हैं. इसलिए हमारी चलेगी नहीं और ना ही कोई हमारी बात सुनेगा. लेकिन फिर भी हमें बोलना तो होगा ही, क्योंकि दिस इज व्हाट हीरोज डू! Lol. खैर, सेलेक्शन पर सवाल उठाते हुए हम बिल्कुल नहीं कह रहे कि सारी चीजें ही गलत जा रही हैं. लेकिन जो गलत हैं, वो सही तो करनी ही होंगी ना.

और गलत होने वाली चीजों में रविचंद्रन अश्विन को लगातार मौके मिलना है. युज़वेंद्र चहल जैसा मैच विनिंग बोलर लगातार बेंच पर है. ऐसे में हमें उसे मौके देने ही चाहिए. चहल दुनिया के उन चुनिंदा बोलर्स में से एक हैं, जो लगातार विकेट्स निकालने के लिए जाने जाते हैं. लोग तो यहां तक कहते हैं कि वह दुनिया की किसी और टीम में होत तो शत-प्रतिशत स्टार्ट कर रहे होते. लेकिन हमारा मैनेजमेंट उन्हें मौके ही नहीं दे रहा.

साथ ही इंग्लैंड की टीम में लेफ्ट हैंडर्स को देखते हुए अक्षर पटेल को भी मौका दिया जाना चाहिए. साथ ही रोहित ने एक और इंट्रेस्टिंग बात बताई ही है. कि वह इस मैच के लिए ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों पर विचार कर रहे हैं. लेकिन समस्या ये है कि दोनों को साथ में एडजस्ट करने के लिए हम बाहर किसे करेंगे?

हमारा टॉप ऑर्डर ऑलरेडी पैक है. चार बोलर भी हमारे तक़रीबन फिक्स ही हैं. बची हुई तीन जगहों में से एक पर हार्दिक का कब्जा है. इसके बाद बची दो जगहें अगर हम दो विकेटकीपर्स को दे देंगे, तो हमें कुल पांच ही बोलिंग ऑप्शन के साथ जाना होगा. ऐसे में यह काफी मुश्किल फैसला होने वाला है. और उम्मीद है कि इस मुश्किल फैसले को हमारे सेलेक्टर्स आसानी से लेकर, हमें एक मैच विनिंग कॉम्बिनेशन देंगे. और हम इंग्लैंड को परास्त कर फाइनल में एंट्री कर लेंगे.

रोहित शर्मा और केएल राहुल का फॉर्म सेमी-फाइनल में सूर्य कुमार यादव को ना ले डूबे!

Advertisement

Advertisement

()