The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • harry brook historic century took england to semifinal t20 world cup pakistan lost

हैरी ब्रूक के तूफान में उड़ा पाकिस्तान, लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड

ब्रूक ने 51 गेंदों में 100 रन पूरे किए. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और चार छक्के लगाए. वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बने हैं जिन्होंने शतक लगाया है.

Advertisement
harry brook, england, cricket news
हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया. (Photo-ECB )
pic
रिया कसाना
24 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 11:50 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. 24 फरवरी को हुए रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड (England) ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया और लगातार पांचवीं बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई. इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय टीम के कप्तान हैरी ब्रूक को जाता है जिन्होंने शानदार शतक जमाया. साथ ही बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इंग्लैंड से मिली हार के बाद अब पाकिस्तान (Pakistan) के लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है. यह मैच उनके लिए करो या मरो का मैच था.

मैच में पाकिस्तानी टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी. शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की अर्धशतकीय पारी से टीम ने नौ विकेट पर 164 रन का स्कोर खड़ा किया. फरहान ने 45 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे.

फरहान और वापसी कर रहे फखर जमां के बीच चौथे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 49 रन की तेज साझेदारी के बाद पाकिस्तान की पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई. जमां ने कुछ दमदार शॉट लगाए, लेकिन आदिल रशीद की गूगली को पढ़ने में चूक गए. वह ओवरटन को कैच दे बैठे. ओवरटन ने ही फिर लगातार गेंदों पर छक्का और चौका खाने के बाद सटीक यॉर्कर पर फरहान को एलबीडब्ल्यू किया.

इससे पहले सईम अयूब आर्चर की तेज और शॉट गेंद को ठीक तरह टाइम नहीं कर पाए और लेग स्क्वायर बाउंड्री के पास कैच दे बैठे. कप्तान सलमान अली आगा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए. वह इस बार डॉसन का शिकार बने. बाबर आजम ने 25 रन बनाए, लेकिन इसके लिए 24 गेंदें ले लीं. दोनों ने 7.2 ओवर में 46 रन जोड़े, लेकिन बड़े शॉट्स नहीं लगे. 

बाबर ने दबाव कम करने के लिए ओवरटन पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और बोल्ड हो गए. शादाब खान (11 गेंद में 23 रन) ने आखिरी ओवरों में चार चौके जड़ टीम के स्कोर को 164 रन तक पहुंचाया.

यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह T20 वर्ल्ड कप के बीच घर लौट आए 

ब्रूक का ऐतिहासिक शतक

165 के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. पारी की पहली ही गेंद पर फिलिप सॉल्ट शाहीन शाह अफरीदी का शिकार बने. इसके बाद तो जैसे झड़ी लग गई. पहले जोस बटलर और टॉम बैंटन 2-2 बनाकर आउट हो गए. वहीं जेकब बेथेल 8 ही रन बना पाए. इस दौरान दूसरे छोर से हैरी ब्रूक जम गए. उन्हें दूसरी ओर से साथ की जरूरत थी. पहले सैम करन और फिर विल जैक्स ने उनका साथ दिया. 

ब्रूक ने 51 गेंदों में 100 रन पूरे किए. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और चार छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 196.08 का रहा. वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बने हैं जिन्होंने शतक लगाया है.

ब्रूक के आउट होने पर रोमांचक हुआ मैच

इससे पहले बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था. उन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन की पारी खेली. ब्रूक शतक लगाते ही शाहीन शाह की गेंद पर बोल्ड हो गए. लेकिन तब तक वह टीम का काम लगभग पूरा कर चुके थे. ब्रूक जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 155 पर छह विकेट था. इसके बाद 19वें ओवर में विल जैक्स और जैमी ओवरटन के आउट होने के बाद मैच फंस गया. 

आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे. लेकिन हाथ में केवल दो ही विकेट थे. ओवर की पहली ही गेंद पर आर्चर ने चौका लगाया और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी.

वीडियो: 'कोक स्टूडियो ही ठीक है, क्रिकेट रहने दो...' इंडियन कॉमेडियन ने पाकिस्तान के खूब मज़े लिए

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()