The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Hardik Singh ruled out of Hockey World Cup 2023 Raj Kumar Pal replaces him in Indian squad

हॉकी वर्ल्डकप के बीच टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, टीम का हीरो बाहर!

ये मिडफील्डर भारत के लिए बहुत ज़रूरी था.

Advertisement
pic
21 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 21 जनवरी 2023, 04:54 PM IST)
Hardik Singh ruled out of Hockey World Cup 2023 due to hamstring injury
टीम इंडिया (Courtesy: FIH)
Quick AI Highlights
Click here to view more

13 जनवरी 2023. भारत के लिए हॉकी वर्ल्ड कप का पहला मैच. सामने था स्पेन. मैच का 25वां मिनट. हाफलाइन पर 24 साल के एक युवा प्लेयर को बॉल मिली. वहां से एक मूव स्टार्ट हुआ. ये लड़का बॉल लेकर आगे बढ़ना शुरू हुआ. धीरे-धीरे वो आगे बढ़ता रहा और बॉल स्ट्राइकिंग सर्कल में ले गया. वो तब जाकर रूका, जब बॉल स्पेन के गोल में जा चुकी थी.

भारत 2-0 स्पेन. इस लड़के का नाम है हार्दिक सिंह. हार्दिक मिडफील्ड से अपनी ऐसे ही रन्स के लिए जाने जाते हैं. बॉल लेकर ऑपोज़ीशन के स्ट्राइकिंग सर्कल में घुसते हैं, और क्रॉस कर टीम के लिए शानदार चांस बनाते हैं. 

लेकिन इस विश्वकप में अब ये चांस नहीं बनेंगे. टीम इंडिया को हॉकी वर्ल्ड कप में एक बड़ा झटका लगा है. हार्दिक वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हो गए हैं. हार्दिक को हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते टीम से बाहर होना पड़ा है. 

स्पेन के बाद इंग्लैंड के खिलाफ़ मुकाबले में भी हार्दिक ने बेहतरीन खेल दिखाया था. हार्दिक ने इस मैच में भी भारत का सबसे बेहतरीन चांस बनाया. हालांकि मैच में कोई गोल नहीं हुआ और मैच ड्रॉ रहा. इसी मैच के आखिरी क्वॉर्टर में हार्दिक को इंजरी हुई थी. जिसके बाद वेल्स के खिलाफ़ हार्दिक बाहर रहे. अब दो मैच में हार्दिक के स्टैट्स जान लीजिए.

गोल पर पांच शॉट, इंडिया के किसी भी प्लेयर से ज्यादा. चार सर्कल एंट्री, जो किसी भी मिलफील्डर के लिए शानदार है. हार्दिक डिफेंस से अटैक में भारत के लिए बहुत अहम हैं. उनकी प्रेसिंग से टीम इंडिया को बहुत फायदा होता है. हार्दिक के बाहर होने पर टीम के कोच ग्राहम रीड ने भी कहा है -

‘हमें हार्दिक को भारतीय टीम से हटाने का निर्णय लेना पड़ा है. वो न्यूजीलैंड के खिलाफ और बाकी मैच से बाहर हो गए हैं. हमें पहले लगा था कि उनकी इंजरी गंभीर नहीं है. लेकिन रिहैब देखने के बाद और मैदान पर उन्हें देखने के बाद हमने फैसला लिया है कि हम हार्दिक की जगह टीम में राज कुमार पाल को शामिल कर रहे हैं.’

राज कुमार भी हार्दिक की तरह ही खेलते हैं. हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर काफी छोटा रहा है. राज को सिर्फ 25 इंटरनेशनल मैच का अनुभव है. उनकी तुलना में हार्दिक इंडियन टीम के लिए 80 से ज्यादा मैच खेल चुके हैं.

क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत का मुकाबला रविवार को न्यूजीलैंड से होना है. ग्राहम रीड की टीम लगातार मौके तो बना रही है. लेकिन टीम को गोल करने में दिक्कतें आ रही हैं. अगर भारत क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड को हरा देता है, तो क्वार्टर फाइनल में हमारा सामना चैम्पियन बेल्जियम के खिलाफ होगा. हार्दिक की अनुपस्थिति में ये चैलेंज और बड़ा हो सकता है. 
 

वीडियो: हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में इंडिया vs वेल्स तो जीत गए, पर अब क्या?

Advertisement

Advertisement

()