The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Hardik Pandya Story: Unsold in 2014, champion in 2022

IPL 2014 का अनसोल्ड खिलाड़ी कैसे बना 2022 का चैंपियन?

IPL 2022 की ट्रॉफी हासिल करने के बाद हार्दिक आज सफलता की बुलंदियों पर हैं, लेकिन IPL में उनके सफर की शुरुआत आसान नहीं थी.

Advertisement
pic
31 मई 2022 (अपडेटेड: 2 जून 2022, 11:29 PM IST)
Hardik Pandya (Photo courtesy: Twitter)
हार्दिक पंड्या (फोटो: ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

 

हार्दिक पंड्या ने IPL 2022 में अपने शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन कप्तानी की बदौलत गुजरात टाइटंस को डेब्यू सीज़न में ही चैंपियन बना दिया है. गुजरात की जीत में पूरी टीम की भूमिका अहम रही लेकिन पंड्या की मैच्यॉर कप्तानी को भी इस जीत का क्रेडिट जाता है. IPL 2022 के फाइनल मुकाबले में गुजरात ने राजस्थान को सात विकेट से हराया था. और इस जीत के हीरो खुद कप्तान हार्दिक रहे.

उन्होंने फाइनल मैच में 34 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और तीन विकेट भी अपने नाम किये. हार्दिक एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक समय तक नॉन सीरियस और बेपरवाह समझे जाते थे. उन्हें लोग ग्लैमर पसंद समझते थे. लेकिन हार्दिक ने इस सीज़न अपनी कूल कप्तानी का नमूना दिखाकर लोगों का नज़रिया बदल दिया है. IPL 2022 की ट्रॉफी हासिल करने के बाद हार्दिक आज सफलता की बुलंदियों पर हैं. लेकिन IPL में उनके सफर की शुरुआत आसान नहीं थी.

गुजरात में जन्मे हार्दिक ‘इंडियन स्टार’ होने से बहुत पहले, एक सामान्य बड़ौदा के लड़के थे. घरेलू सर्किट में वो एक अज्ञात चेहरा थे, जो IPL 2014 की नीलामी में अनसोल्ड रहे. उन्हें किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था. लेकिन IPL 2015 की नीलामी में किस्मत ने उनका साथ दिया. और रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस (MI) फ्रैंचाइज़ी ने हार्दिक को उनकी बेस प्राइस, 10 लाख रुपये में खरीदा. IPL 2015 से 2021 तक, हार्दिक ने 42 विकेट लेने के साथ ही 153.91 की स्ट्राइक रेट से 1,476 रन बनाए और साल 2015, 2017, 2019 और 2020 के IPL एडिशंस में MI की खिताबी जीत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे.

IPL 2022 से पहले हार्दिक ने MI के साथ चार बार (2015, 2017, 2019, 2020) में IPL ट्रॉफी जीती थी. और इस सीज़न में हार्दिक ने बतौर कप्तान गुजरात टाइटंस के साथ ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. इसके साथ ही हार्दिक ने धोनी को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम IPL के चार खिताब  (2010, 2011, 2018, 2021) जीतने का रिकॉर्ड है. हार्दिक ने अम्बाती रायडू के 5 IPL ट्रॉफी (2013, 2015, 2017 MI के साथ और 2018, 2021 CSK के साथ) के खिताब की बराबरी कर ली है.

हार्दिक की टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ फाइनल जीता और इसके साथ ही हार्दिक ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए, जिनकी IPL की जर्नी 2014 में एक अनसोल्ड खिलाड़ी के रूप में शुरू हुई और अब उन्होंने एक टीम को खिताबी जीत तक पंहुचा दिया.

हार्दिक को IPL 2022 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच (MOM) अवार्ड दिया गया. MOM हासिल करते  ही पंड्या ने अनिल कुंबले और रोहित शर्मा की भी बराबरी कर ली. पंड्या IPL फाइनल में बतौर कप्तान MOM अवार्ड  हासिल करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. अनिल कुंबले ने 2009 के IPL फाइनल में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ RCB के लिए 16 रन देकर 4 विकेट लिए थे, जबकि रोहित ने 2015 के फाइनल में CSK के खिलाफ MI के लिए 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था जिसके लिए इन दोनों IPL कप्तानों को MOM अवॉर्ड मिला था.

अहमदाबाद में अपने होम ग्राउंड पर टाइटन्स की शानदार जीत के बाद, भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि पंड्या उनके नक्शेकदम पर चलने के लिए एक योग्य विकल्प हो सकते हैं. गावस्कर ने कहा,

‘जब आपके पास लीडरशिप के गुण होते हैं, तो यह भविष्य में स्वतः ही इंडियन नेशनल टीम की कप्तानी के दरवाजे खोल देता है.’

उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए आगे कहा,

‘जिस तरह से उन्होंने टीम का नेतृत्व किया है, जिस तरह से वो सबको एक साथ लाए हैं, इससे दिखता है कि उनमें लीडरशिप के गुण हैं. ये सिर्फ मेरा अनुमान नहीं, हर किसी का अनुमान है कि यह उनके खेल का एक पहलू था. जिसके बारे में किसी को भी ज्यादा जानकारी नहीं थी.’

वर्तमान में इंडियन नेशनल टीम के सभी फॉर्मेट की कप्तानी रोहित शर्मा द्वारा की जा रही है. लेकिन 35 साल के हो चुके रोहित के लंबे समय तक कप्तानी करने की संभावना नहीं है. रोहित को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जून में होने वाली घरेलू सीरीज़ के लिए आराम भी दिया जा रहा है. IPL का ये सीज़न भी रोहित और उनकी पांच बार की IPL चैंपियन टीम MI के लिए खराब रहा, MI पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही.

मध्यक्रम के बल्लेबाज और तेज गेंदबाज पंड्या ने भारत के लिए 11 टेस्ट, 63 ODI और 54 T20 मैच खेले हैं. पिछले साल T20 विश्व कप के बाद पीठ की चोट ने उन्हें बाहर कर दिया था. लेकिन उन्होंने IPL के 15 मैच में 487 रन और आठ विकेट लेकर अपनी फिटनेस साबित की. और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 जून से शुरू होने वाली पांच मैच की T20 सीरीज़ के लिए टीम इंडिया में वापसी की है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक पंड्या को इसी साल जून के अंत में आयरलैंड के खिलाफ़ होने वाले दो T20 मैच में टीम इंडिया की कप्तानी करने का अवसर मिल सकता है.

IPL 2022 फाइनल के बाद सुपर स्ट्राइकर अवार्ड किसे मिला?

Advertisement

Advertisement

()