The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Hardik Pandya Not travelling with Mumbai Indians Fitness or Another Reason ipl 2026 mi vs rcb

मुंबई इंडियंस के साथ रायपुर नहीं पहुंचे हार्दिक पंड्या, फिटनेस या कोई और वजह?

Hardik Pandya Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर अटकलों का दौर जारी है. टीम के साथ वो रायपुर नहीं पहुंचे, और अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ फिटनेस की वजह से है या असली बात कुछ और है?

Advertisement
pic
6 मई 2026 (अपडेटेड: 6 मई 2026, 06:52 PM IST)
Hardik pandya
हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस के बीच सब ठीक नहीं? (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) फॉर्म और फिटनेस दोनों ही मोर्चे पर संघर्ष कर रहे हैं. उनकी कप्तानी में IPL 2026 में अब तक टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में तो यहां तक कहा जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट भी पंड्या को लेकर कुछ कठोर फैसले ले सकता है. बुधवार, 6 मई को टीम के सभी खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए, लेकिन कप्तान टीम के साथ नहीं थे. रिपोर्ट्स हैं कि हार्दिक अगला मैच भी नहीं खेलेंगे.

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार, 6 मई को मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ हार्दिक नजर नहीं आए. हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से यह साफ नहीं किया गया है कि वह बाद में टीम से जुड़ेंगे या नहीं. ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी ने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Hardik Pandya की फिटनेस पर भी सवाल

दरअसल, हार्दिक पहले ही लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले से बाहर थे. उस समय मुंबई इंडियंस ने बयान जारी कर बताया था कि कप्तान पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं. जिसके चलते सूर्यकुमार यादव ने टीम की कमान संभाली थी. 

हालांकि, अब हार्दिक रायपुर के लिए भी टीम के साथ रवाना नहीं हुए हैं. उनकी गैरमौजूदगी के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया है. सवाल उठ रहे हैं कि यह मामला सिर्फ फिटनेस से जुड़ा भर है या अंदर की कहानी कुछ और है?

MI के लिए यह सीजन निराशाजनक

हार्दिक का प्रदर्शन भी इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. मुंबई इंडियंस के लिए खेले गए 8 मैचों में उन्होंने सिर्फ 146 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट महज 136.45 का रहा है. बॉलिंग में भी वह कुछ खास असर छोड़ने में नाकाम रहे हैं. टीम को जिन मौकों पर अपने कप्तान से मैच जिताने वाली पारियों या निर्णायक स्पेल की उम्मीद थी, वहां हार्दिक संघर्ष करते नजर आए.

मुंबई इंडियंस ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया था, लेकिन इस सीजन टीम अब तक लय में नहीं दिखी. इससे पहले भी सूत्रों के हवाले से दावा किया जाता रहा है कि टीम मैनेजमेंट हार्दिक के विकल्पों पर विचार कर रही है.

हार्दिक की फिटनेस पर जब टीम के खिलाड़ी रियान रिकेल्टन से सवाल किया गया, तो उन्होंने भी ज्यादा जानकारी होने से इनकार कर दिया. रिकेल्टन ने कहा,

‘मुझे नहीं पता कि वह कब वापसी करेंगे. मुझे सिर्फ इतना बताया गया कि उन्हें बैक स्पैज्म है. यह कितना गंभीर है, इसकी जानकारी मेरे पास नहीं है. उम्मीद है कि वह जल्द टीम के साथ जुड़ जाएंगे.’

T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नामों से सजी मुंबई इंडियंस इस सीजन में पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई है. पांच बार की चैंपियन टीम 10 मैचों में सिर्फ 3 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है. मुंबई  की इस खराब स्थिति की सबसे बड़ी वजह कप्तानी में बदलाव को माना जा रहा है. 

रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाए जाने का फैसला टीम के लिए अब तक सही साबित नहीं हुआ. हार्दिक से कप्तानी के साथ ही शानदार प्रदर्शन की भी उम्मीद थी. लेकिन इस सीजन वह बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों मोर्चों पर संघर्ष करते नजर आए. अब उनकी फिटनेस और टीम से दूरी ने मुंबई इंडियंस की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है.

(ये स्टोरी हमारे इंटर्न साथी ऋषभ ने लिखी है.)

वीडियो: 'स्पिरिट' पोस्टपोन होते ही लोग बोले- "सलमान से डर गए प्रभास!"

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()