The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Hardik Pandya denied Yuzvendra Chahal his fourth over vs West Indies 2nd T20I people questioned his captaincy

धोनी बनना या मैन ऑफ़ द मैच जीतना... ऐसी कप्तानी कर हार्दिक चाहते क्या हैं?

दिग्गजों के साथ फ़ैन्स भी हैं हार्दिक से हैरान.

Advertisement
pic
6 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 7 अगस्त 2023, 11:41 AM IST)
Hardik Pandya Doing Bad Captaincy
हार्दिक की कप्तानी पर कई सवाल हैं (स्क्रीनग्रैब)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हार्दिक पंड्या फ़ैन्स के निशाने पर हैं. लोग उनकी कप्तानी पर सवाल कर रहे हैं. पंड्या की कप्तानी में भारतीय टीम वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ लगातार दूसरा T20I मैच हार गई. और इसके बाद ही लोगों ने हार्दिक की कप्तानी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. लोग सबसे ज्यादा इस बात से खफ़ा थे कि हार्दिक ने युज़वेंद्र चहल से चौथा ओवर नहीं फिंकवाया.

इस बात से नाराज़ पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफ़ान पठान ने ट्वीट किया,

'मेरे लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चहल ने दोनों ही मैचेज़ में अपने क़ोटे के पूरे चार ओवर नहीं फेंके.'

एक फ़ैन ने ट्वीट किया,

'हार्दिक पंड्या, कप्तानी छोड़ दो तुम इसके क़ाबिल नहीं हो. इससे साफ पता चल रहा है कि विराट कोहली के बिना टीम नीदरलैंड्स, आयरलैंड, ज़िम्बाब्वे से भी हार सकती है. संजू सैमसन को कैप्टन बनाओ, कुछ तो सुधार आएगा ही आएगा.'

एक दूसरे फ़ैन ने BCCI और IPL को कोसते हुए कहा,

'BCCI और IPL ने उन्हें इतना ज्यादा पैसा दे दिया है कि वे अपने खुद के देश के लिए परफॉर्म नहीं करना चाहते. वेस्ट इंडीज़ से लगातार दो मैच हराना, माइंडसेट, तैयारी और परफॉर्मेंस सब बता दे रहा है. हार्दिक पंड्या घमंड से भरे शब्द बोलते रहते हैं और हारते रहते हैं.'

हर्षा भोगले ने ट्वीट किया,

'वेस्ट इंडीज़ ने फिर से सफेद गेंद की क्रिकेट में भारत की समस्या उजागर कर दी. वो जीते क्योंकि निचले ऑर्डर में उनके पास छक्के मारने वाले बल्लेबाज हैं. आपको 9-10 नंबर पर बल्लेबाज नहीं चाहिए लेकिन जो हों, वो बाउंड्रीज़ मारने की क्षमता रखते हों.'

इसी ट्वीट के नीचे जवाब देते हुए एक फ़ैन ने लिखा,

'हार्दिक पंड्या की कप्तानी समझने की दो संभावनाएं हैं. पहली, वह चहल से बोलिंग ना कराने का जुआ खेलकर एमएस धोनी जैसे दिखना चाहते हैं. और दूसरा, वह खुद मैन ऑफ़ द मैच जीतना चाहते हैं इसीलिए चहल को ओवर्स नहीं दे रहे.'

एक और फ़ैन ने लिखा,

'जब चहल अच्छी बोलिंग कर रहे थे, हार्दिक पंड्या ने उन्हें रोककर मुकेश कुमार को बुला लिया. ये बंदा रोहित शर्मा की जगह लेने आया था और वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ लगातार दो मैच हार चुका है.'

तो एक फ़ैन ने BCCI के मैच रिपोर्ट वाले ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा,

'चहल का चौथा ओवर अर्शदीप और मुकेश से पहले फिंकवा लेना चाहिए था. हमने मैच वेस्ट इंडीज़ को गिफ़्ट कर दिया. खराब कप्तानी.'

एक और फ़ैन ने लिखा,

'कुंग फू पांडा ने फिर से खराब कप्तानी की. कोई भी कप्तान चहल को 18वें या 19वें ओवर के लिए चुनता. लेकिन हमारे पांडा यूनिक बनना चाहते हैं. उन्होंने चहल को आखिरी ओवर के लिए रखा जिससे वह बाउंड्री लाइन से गेंद ला सकें.'

हार्दिक से फ़ैन्स इसलिए गुस्सा हैं क्योंकि युज़ी ने अपने एक ही ओवर में मैच पलट दिया था. वेस्ट इंडीज़ ने 15 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 127 रन बना लिए थे. टीम को 30 गेंदों पर 26 रन चाहिए थे. शिमरॉन हेटमायर के साथ रोमारियो शेफर्ड खेल रहे थे. चहल की पहली ही गेंद पर शेफर्ड रनआउट हो गए. उन्होंने एक भी गेंद नहीं खेली.

अब जेसन होल्डर आए. उन्होंने पहली दो गेंदें डॉट खेलीं. तीसरी पर ईशान ने उन्हें स्टंप कर दिया. युज़ी ने ये गेंद ऑफ़ स्टंप के आसपास फ्लाइटेड फेंकी थी. होल्डर इसे ड्राइव करने के लालच में आगे आ गए लेकिन टर्न के चलते वह गेंद से कनेक्शन नहीं बना पाए.

हालांकि इस चक्कर में वह हल्का सा डिस्बैलेंस हुए और बाक़ी काम ईशान ने कर दिया. टीवी अंपायर ग्रेगरी ब्रैथवेट ने कई रीप्ले देखने के बाद होल्डर को आउट करार दिया. अब आए अकील हुसैन ने सिंगल लेकर स्ट्राइक हेटमायर को दे दी.

चहल ने आखिरी गेंद पर उन्हें LBW कर लिया. हालांकि ग्राउंड अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था. लेकिन DRS लेने पर हेटमायर विकेट के आगे पाए गए और आउट करार दिए गए. इस ओवर में कुल तीन रन बने और इतने ही विकेट्स आए. मुकेश ने 17वें ओवर में भी तीन ही रन दिए. मैच फंस गया लेकिन कप्तान हार्दिक ने इसके बाद चहल को ओवर ही नहीं दिया. और जनता इसीलिए भड़क गई.

इससे पहले, भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 152 रन बनाए थे. वेस्ट इंडीज़ ने सात गेंदें बाक़ी रहते ही मैच खत्म कर दिया. निकलस पूरन को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया. पूरन ने 40 गेंदों पर 67 रन बनाए थे.

वीडियो: एलेक्स हेल्स की रिटायरमेंट पर इंडिया-पाकिस्तान के फ़ैन्स 170-0 क्यों याद करने लगे?

Advertisement

Advertisement

()