दस नहीं बीस हज़ार रन बनायेंगे कोहली : हरभजन
हरभजन सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया विराट कोहली के बारे में. और कैसे कोहली ने उन्हें दोबारा फ़िट करने की ठानी है.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
क्रिकेट की दुनिया में आज-कल सिर्फ एक ही नाम चल रहा है. विराट कोहली. बहुत कुछ कहा जा रहा है. बहुत कुछ पूछा जा रहा है. हर प्लेयर उनकी तारीफ़ कर रहा है. हरभजन सिंह भी उन्हीं प्लेयर्स में से एक हैं. हरभजन ने एक नयी बात बताई है. कहते हैं कि विराट कोहली ने सबसे ज़्यादा किसी चीज पर काम किया है तो वो है उनकी फ़िटनेस.
हरभजन ने कहा "फ़िटनेस मेन है. विराट पूरी इंडियन टीम को चैलेन्ज कर रहा है. मेरी शादी के बाद मेरा थोड़ा वजन बढ़ गया था. विराट एशिया कप के दौरान मुझे परेशान करता रहा. उसने बोला कि ऐसे नहीं चलेगा और मुझे और भी ट्रेनिंग करनी चाहिए. उसने मेरे खाने-पीने का शेड्यूल बनाया. मुझे क्या खाना था, और सबसे ज़रूरी कि मुझे क्या नहीं खाना था, उसने मुझे बताया. मैंने उससे कहा कि मैं इस शेड्यूल को जब तक खेलता रहूँगा तब तक फॉलो करूंगा. लेकिन उसने मुझसे कहा कि तुम जब तक ज़िन्दा रहोगे तब तक ये फॉलो करोगे. मुझे खुशी है कि मैं उसके हिसाब से ट्रेनिंग कर रहा हूं. तीन महीने तक लगातार मुझे ऐसा ही करना है. अब मुझे मालूम चल रहा है कि उसे इतनी पॉजिटिव एनर्जी कहां से मिलती है."
सचिन की बात आने पर हरभजन ने कहा कि 98 की शरजाह सीरीज़ में तेंदुलकर की बैटिंग बहुत ही कमाल थी. उस वक़्त वो दुनिया की सबसे अच्छी बॉलिंग लाइनअप की धज्जियां उड़ा रहे थे. विराट कोहली ठीक वैसे ही खेल रहे हैं. वो अपनी मर्ज़ी से चौके और छक्के मार रहे हैं. फील्डर्स को चैलेन्ज कर रहे हैं और एक के दो भाग रहे हैं. साफ़ दिख रहा है कि कोई भी बॉलर इस वक़्त उनके सामने बॉलिंग करने को तैयार नहीं है.अगर वो ऐसे ही बैटिंग करता रहे तो सारे रिकॉर्ड्स तोड़ देगा.
हरभजन कहते हैं "दस हज़ार भूल जाइये, विराट बीस हज़ार रन बनाएगा. वो कुछ भी कर सकता है. हर सुबह वो अपनी पिछली नॉक से बेहतर क्रिकेट खेलने के लिए उठता है और शाम को एक और सेंचुरी बना देता है. फिर वो अगले दिन और बेहतर करने के बारे में सोचते हुए सो जाता है."

