मेंटॉर गैरी ने बताया- नेहरा जी ने इस तरह बनाया गुजरात को चैम्पियन!
गुजरात की जीत के बाद गैरी कर्स्टन और आशीष नेहरा को खूब सराहा जा रहा है. टीम के मेंटोर गैरी ने हार्दिक पंड्या, आशीष नेहरा और टीम पर बात की है.

गुजरात टाइटंस, बोले तो IPL की नई चैम्पियन. रविवार, 29 मई की रात राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर चैंपियन बनी गुजरात टाइटंस के सपोर्ट स्टाफ की भी जमकर तारीफ हो रही है. टीम के मेंटॉर गैरी कर्स्टन और कोच आशीष नेहरा को भी खूब सराहा जा रहा है. कर्स्टन ने हार्दिक पंड्या, आशीष नेहरा और टीम पर बात की है.
गैरी कर्स्टन ने मैच के बाद कहा,
'ये बेहद शानदार है, टीम के लड़कों के लिए बहुत खुश हूं क्योंकि उन्होंने टूर्नामेंट में अपना सब कुछ न्यौछावर किया है. ये आशीष और विक्रम के लिए भी बेहद शानदार है.'
उन्होंने टीम पर बात करते हुए आगे कहा,
'आपको ऑक्शन में एक सही बैलेंस और डेप्थ की ज़रूरत होती है. लेकिन सबसे ज़रूरी है ऐसे खिलाड़ियों को चुनना जो कि अलग-अलग रोल्स निभा सकें. आशीष के साथ हमने जो एक चीज़ सीखी, वो ये है कि विभिन्न प्रतिभा वाले खिलाड़ियों को कैसे खोजा जाए. और नंबर 4, 5, 6 पर हमने ऐसे खिलाड़ियों को खोजा भी.'
गैरी ने आगे अपने गेंदबाज़ों की तारीफ की. उन्होंने कहा,
'हमारे पास एक कमाल का गेंदबाज़ी अटैक था. आखिर तक हम बॉलिंग में स्ट्रॉन्ग और बैटिंग में थोड़ी हल्की साइड रहे. लेकिन हम टीम में अच्छे बैलेंस की वजह से हमेशा आत्मविश्वास से भरे रहे.'
कप्तान पंड्या पर कर्स्टन ने कहा,
'मैंने उनके साथ काम कर के ये पाया कि वो कमाल के खिलाड़ी हैं. वो भारत में एक हाई-प्रोफाइल खिलाड़ी होने पर भी बिल्कुल ज़मीन से जुड़े हुए हैं. बतौर लीडर वो सीखना चाहते हैं और अपने खिलाड़ियों के साथ लगातार बातचीत करते हैं जो कि बेहद ज़रूरी है. वो हमेशा युवा खिलाड़ियों की मदद करना चाहते हैं.'
गैरी ने अपनी कोचिंग पर कहा,
'आप कभी भी बतौर कोच सीखना बंद नहीं करते, हर IPL में सीखने के लिए बहुत कुछ है. ये ही वो चीज़ है जिसका मैं सबसे ज़्यादा मज़ा लेता हूं.'
उन्होंने कहा,
'मुझे आशीष के साथ काम करना पसंद है. क्योंकि इतनी चतुराई के साथ गेम प्लान को लागू करना आसान नहीं है. हर मैच में बहुत कुछ था. लेकिन जिस तरह से हमारे खिलाड़ियों ने मैच जिताने के लिए ज़िम्मेदारी ली मैंने उसे बहुत एंजॉय किया.'
बता दें कि गुजरात टाइटंस की टीम पहली बार IPL खेलने आई थी. और उस टीम ने पहले सीज़न में ही खिताब जीत इतिहास रचा है.
हार्दिक पंड्या ने बताया डेविड मिलर से क्या कहते हैं वो

