'IPL में 2BHK फ्लैट मिलेगा', कनाडा में क्रिकेटर को अवॉर्ड में दे दी जमीन तो लोग क्या बोले?
कनाडा का टूर्नामेंट, आंद्रे रसल, कार्लोस ब्रेथवेट और क्रिस लिन जैसे खिलाड़ी खेल रहे थे...

क्रिकेट में जब कोई खिलाड़ी 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' बनता है तो उसको क्या अवॉर्ड मिलता है? बाइक, कार या मोटी धनराशि. यही ना. बशर्ते वो किसी गांव में होने वाला टूर्नामेंट ना हो. वहां तो जो मिलता है वो...खैर छोड़िए. आते हैं सीधे मुद्दे पर. कनाडा में हाल ही में ग्लोबल T20 लीग का आयोजन किया गया. इस लीग में दुनियाभर के कई स्टार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. आंद्रे रसल, कार्लोस ब्रेथवेट और क्रिस लिन जैसे विस्फोटक खिलाड़ियों ने भी. टूर्नामेंट खत्म होने पर वेस्टइंडीज़ के धाकड़ प्लेयर शेरफेन रदरफोर्ड प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुने गए. और उनको जो अवॉर्ड मिला, वो सोशल मीडिया पर भयंकर वायरल है.
दरअसल, रदरफोर्ड को प्लेयर ऑफ द सीरीज़ बनने पर आधा एकड़ जमीन मिली है. वो भी अमेरिका में. अब टूर्नामेंट कनाडा में हो रहा, तो अमेरिका में जमीन क्यों? इस तस्वीर के वायरल होते ही लोगों ने मजे लेते हुए ऐसे सवाल सोशल मीडिया पर पूछ लिए.
एक यूजर ने लिखा,
'अगर वो अमेरिकी नागरिक नहीं हैं, तो उन्हें जमीन का मालिकाना हक कैसे मिल सकता है?'
एक अन्य यूजर ने लिखा,
‘कनाडा, अमेरिका में इसलिए जमीन दे रहा है क्योंकि वहां की पूरी जमीन पर अक्षय कुमार का कब्जा है.’
एक और यूजर ने लिखा,
‘यह किसी भी अन्य अवॉर्ड से कहीं बेहतर है!’
एक अन्य यूजर ने लिखा,
'इस हिसाब से अगले साल से IPL में 'प्लेयर ऑफ द मैच' विजेता को गुजरात में 2BHK फ्लैट मिलेगा.'
एक और यूजर ने लिखा,
रदरफोर्ड का कमाल‘अरे भाई इंडियन टीम को वहां भेजकर अमेरिका में प्लॉट पर कब्जा करो.’
अब बात क्रिकेट की भी कर लेते हैं. शेरफेन रदरफोर्ड ने शानदार बैटिंग के जरिए अपनी टीम मॉन्ट्रियल टाइगर्स को चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया. रदरफोर्ड (Sherfane Rutherford) ने भारतीय समयानुसार 7 जुलाई को खेले गए फाइनल मैच में 29 गेंदों में 38 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' (Man of the Match) भी चुना गया. उनका साथ दिया आंद्रे रसेल ने. जिन्होंने 6 गेंद पर 20 रन कूट दिए. जिसकी बदौलत मॉन्ट्रियल टाइगर्स ने सरे जगुआर द्वारा दिए गए 131 रन के लक्ष्य को मैच की आखिरी गेंद पर चेज कर लिया. रदरफोर्ड ने टूर्नामेंट में कुल 9 मुकाबले खेले. जिसमें उनके बल्ले से कुल 220 रन निकले. इस दौरान उनका औसत 44 और स्ट्राइक रेट 130.18 का रहा.
वीडियो: IndvsPak इमर्जिंग एशिया कप 2023 में पाकिस्तान पर लगे आरोपों का अजीब ही जवाब दे गए पाक कप्तान!

