The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Greg Chappell's advice to Tim Paine abuse does not show strength it shows weakness

सिडनी टेस्ट के बाद ग्रेग चैपल ने खुली चिट्ठी लिखकर टिम पेन से क्या कहा?

'कमजोर चरित्र की पहचान है गाली देना'

Advertisement
pic
16 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 16 जनवरी 2021, 11:45 AM IST)
Img The Lallantop
Sydney Test में Tim Paine ने Ashwin से खूब बदतमीजी की थी (एपी फाइल)
Quick AI Highlights
Click here to view more
ऑस्ट्रेलियन लेजेंड ग्रेग चैपल ने खुली चिट्ठी लिखकर मौजूदा ऑस्ट्रेलियन कैप्टन टिम पेन को खूब लताड़ा है. चैपल ने अपनी चिट्ठी के जरिए पेन से एक लीडर के रूप में बेहतर उदाहरण पेश करने और विपक्षियों से भद्दी भाषा में बात करने से दूर रहने की अपील की. गौरतलब है कि सिडनी टेस्ट के दौरान अश्विन से स्लेजिंग करने और गालियां देने के लिए पेन को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था. चैपल ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में लिखा,
'किसी भी वर्कप्लेस या फिर बातचीत में गालियों की कोई जगह नहीं है और मेरी राय में यह नीच हरकत है. यह किसी की मजबूती नहीं दिखाता. बल्कि यह चरित्र की कमजोरी जाहिर करता है. जैसा कि MCG की अंडरआर्म घटना की 40वीं वर्षगांठ क़रीब है, मुझे सिडनी टेस्ट के बाद के तुम्हारे दुखों से पर्याप्त सहानुभूति है. मैं तुमसे अपील करता हूं कि तुम टीम से बैट और बॉल से अच्छे प्रदर्शन की चाह रखो. और इससे पहले कि लाखों छोटे-छोटे लड़के और लड़कियां अपने स्पोर्टिंग हीरोज की घटिया हरकतों को कॉपी करना शुरू करें, उनके सामने बेहतर उदाहरण रखो. यह तुम्हारे द्वारा छोड़ी गई सबसे महान विरासत हो सकती है.'
चैपल ने आगे लिखा,
'तुमने सूझबूझ, ज़िगर और हास्य-विनोद के साथ ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व किया. और केपटाउन की घटना (बॉल टेम्परिंग) के बाद टीम के पुनर्निर्माण में बड़ा योगदान दिया. मैं तुमसे अपील करता हूं कि तुम उसी प्रकार टीम का नेतृत्व करो, जैसे कि तुम कप्तानी मिलने के बाद से करते आए हो. मैं उस एक बुरे दिन से बहुत नफरत करूंगा जो तुम्हारे और तुम्हारी टीम के सारे किए-धरे पर पानी फेर जाए.'
चैपल ने अपनी चिट्ठी में यह भी लिखा कि उन्हें लगता है कि पेन अभी साल-दो साल और खेल सकते हैं. उन्होंने लिखा,
'तुम्हारे द्वारा अपनी गलती स्वीकारना और सिडनी के बाद बेहतर करने का वादा करना, सही दिशा में बढ़ाया गया कदम है. यह पछतावा और चीजों को सुधारने की इच्छाशक्ति दिखाता है. मुझे इस बात में कोई शक नहीं है कि तुम्हारे अंदर अभी साल-दो साल की अच्छी क्रिकेट बाकी है. और मैं चाहता हूं कि अभी जो विरोधी तुम पर पिले पड़े हैं, वह एक बुरी दोपहर के आधार पर तुम्हारा आंकलन ना करें.'
सिडनी टेस्ट में अश्विन को गाली देने वाले पेन ने अभी तक गाबा टेस्ट में ऐसी कोई हरकत नहीं की है. उम्मीद है कि वह चैपल की सलाह मानकर खुद को और अपनी टीम को कंट्रोल में रखेंगे.

Advertisement

Advertisement

()