गौतम गंभीर पर ऐसा कॉमेंट, अफ़रीदी की ये बात गुस्सा दिला देगी!
'गंभीर अलग ही कैरेक्टर हैं.'

शाहिद अफ़रीदी और गौतम गंभीर. भारत और पाकिस्तान के दो दिग्गज क्रिकेटर्स. जब भी भारत और पाकिस्तान भिड़े, इन दोनों ने खूब चर्चा बटोरी. दोनों प्लेयर्स के बाद कई बार मैदान पर ही कहासुनी हो चुकी है. 2007 के वनडे वर्ल्ड कप के दौरान दोनों आपस में भिड़ गए थे. इस घटना का वीडियो बहुत वायरल हुआ. रिटायरमेंट के बाद भी दोनों खिलाड़ी अपने बयानों से चर्चा में बने रहते हैं.
इसीलिए हाल ही में जब लेजेंड्स लीग क्रिकेट के दौरान, दोनों प्लेयर्स ने जब हाथ मिलाया, तो तस्वीर खूब शेयर की गई. अब अफ़रीदी ने गंभीर के साथ अपने रिश्तों पर बात की है. पाकिस्तानी सोशल मीडिया स्टार मोमिन साक़िब के यूट्यूब शो पर अफ़रीदी से सवाल हुआ कि क्या वो गंभीर को जानबूझकर उकसाते थे?
इस सवाल के जवाब में अफ़रीदी ने स्वीकार किया कि वह जानबूझकर गंभीर को उकसाते थे. अफ़रीदी ने कहा कि यह क्रिकेट की रणनीतियों में से एक थी. उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर बाक़ी भारतीय प्लेयर्स से अलग हैं. अफ़रीदी बोले,
'क्रिकेट में ऐसा होता रहता है. यह नॉर्मल है. और मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर इसे ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है. वो अलग क़िस्म का कैरेक्टर है, आम प्लेयर्स से थोड़ा अलग. टीम इंडिया में भी उसकी ऐसी ही रेपुटेशन है. ऐसा नहीं है कि वो बस मेरे साथ ऐसा था.'
अफ़रीदी ने इसके बाद मोमिन से थोड़ी पॉजिटिव बातचीत करने की गुज़ारिश की. जिसके बाद मोमिन ने अफ़रीदी से गंभीर के बारे में कुछ पॉजिटिव कहने को कहा. जवाब में अफ़रीदी बोले,
'मैंने ऐसी टाइमिंग वाले कम ही भारतीय बल्लेबाज देखे हैं. वह एक कमाल के प्लेयर हैं.'
बता दें कि अफ़रीदी और गंभीर अक्सर एक-दूसरे के बारे में ‘कड़वी बातें’ करते रहते हैं. और इसीलिए जब लेजेंड्स लीग क्रिकेट के दौरान जब दोनों ने हाथ मिलाया था, तो खूब चर्चा हुई थी. गंभीर यहां इंडिया महाराजा की कप्तानी कर रहे थे, जबकि अफ़रीदी एशिया लॉयन्स की.
टॉस के बाद जब अफ़रीदी ने मुस्कुराते हुए गंभीर की ओर हाथ बढ़ाया, जवाब में गंभीर ने भी अपना हाथ बढ़ा दिया. हालांकि इस दौरान उनके चेहरे पर गंभीरता छाई रही. लोगों ने इस बात की खूब चर्चा की और Meme बनाए.
वीडियो: विराट कोहली इंस्टा पोस्ट से कितना कमाते हैं?

