'गौतम गंभीर कभी माफ नहीं करता', पूर्व सिलेक्टर ने बताया अपना ही किस्सा
एक ऐसा समय था जब संदीप पाटिल और गौतम गंभीर काफी करीब थे. गंभीर लगभग हर हफ्ते पाटिल को फोन करके बात करते थे. दौरों पर साथ में टेनिस खेला करते थे. गंभीर अपने दिल की बात पाटिल से शेयर किया करते थे.
.webp?width=210)
पूर्व सिलेक्टर और कोच संदीप पाटिल ने हाल ही में एक इंटरव्यू पुराने कई मुद्दों पर खुलकर बात की. उन्होंने गौतम गंभीर को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है. पाटिल ने बताया कि गंभीर के साथ उनके रिश्ते अच्छे नहीं हैं और इसकी वजह काफी पुरानी है. बकौल पाटिल, गंभीर ऐसे खिलाड़ी हैं जो कभी माफ नहीं करते और न भूलते हैं. पाटिल आज भी गंभीर की इज्जत करते हैं, लेकिन मौजूदा भारतीय हेड कोच उनसे बात नहीं करते हैं.
पाटिल के करीबी थे गंभीरएक ऐसा समय था जब संदीप पाटिल और गौतम गंभीर काफी करीब थे. गंभीर लगभग हर हफ्ते पाटिल से फोन पर बात करते थे. टीम इंडिया के दौरों पर साथ में टेनिस खेला करते थे. गंभीर अपने दिल की बात पाटिल से शेयर किया करते थे. जब पाटिल को टीम के हेड कोच के पद से हटाया गया तब भी गंभीर ने उनका साथ दिया.
गंभीर फोन करके पाटिल का हाल-चाल लेते थे. हालांकि पाटिल के एक फैसले ने गंभीर के साथ रिश्ते खराब कर दिए. उन्होंने बताया कि टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए सीनियर्स को ड्रॉप करना पड़ता है. उन्होंने विक्की लालवानी के शो में कहा,
''मुझे बहुत अच्छा लगता है जब आप युवा खिलाड़ियों को मौका दें और वह अच्छा प्रदर्शन करें. मैंने शिखर धवन को मौका दिया, लेकिन इसकी वजह से गंभीर नाराज हो गया. वह आज तक मुझसे बात नहीं करता है. लेकिन मुझे लगता है कि यह फेयर ही है.''
'गंभीर नहीं करते बात'जब पाटिल से पूछा गया कि क्या उस घटना के बाद से उनकी कभी गंभीर से मुलाकात हुई तो पूर्व खिलाड़ी ने बताया,
''हम बहुत बार आमने-सामने आए. कई टीवी शो एक साथ किए. वह मेरे सामने बैठा होता था, लेकिन कभी उसने बात नहीं की. आई कॉन्टैक्ट तक नहीं किया. मैं सामने से जाकर हाई-हैलो कहता था लेकिन गंभीर ने कभी कोई जवाब नहीं दिया. वह ऐसा ही इंसान है.''
पाटिल ने कहा कि उनके दिल में गंभीर के लिए कुछ भी गलत नहीं है. वह समझते हैं कि गंभीर उनसे नाराज हैं. हर खिलाड़ी का इस तरह की चीजों से डील करने का अपना तरीका होता है. पाटिल ने बताया,
''हां, वह ऐसा इंसान है जो न भूलता है न माफ करता है. वह ऐसा ही है. हर इंसान अलग है. गौतम अपने करियर को लेकर काफी गंभीर था. अपनी बैटिंग को लेकर फोकस था. कोई नहीं चाहता कि करियर में जब अच्छा कर रहे हैं तब आपको कोई ड्रॉप करे. हर खिलाड़ी ड्रॉप होने को लेकर अलग-अलग तरह से रिएक्ट करते हैं. वीवीएस लक्ष्मण शांति से गए. गंभीर शांति से गए.''
यह भी पढ़ें- 'नंबर वन' अभिषेक शर्मा के लिए खतरा बने ईशान किशन
गंभीर ने बतौर खिलाड़ी तो वर्ल्ड कप तो जीता ही, बतौर कोच भी वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है. दो साल में उन्होंने देश को दो ICC ट्रॉफी दिलाई हैं. बीते साल भारत ने उनके कोच रहते हुए ही चैंपियंस ट्रॉफी जीती. अब टीम टी20 वर्ल्ड कप भी जीत चुकी है.
वीडियो: शिवम दुबे ट्रेन के 3rd AC कोच में, T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ये क्या किया?

.webp?width=60)

