The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Four Team India Cricketers Isolated in Australia Rohit Sharma Rishabh Pant Shubhman Gill Prithvi Shaw and Navdeep Saini

तीसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के पांच खिलाड़ियों को आइसोलेट क्यों कर दिया गया?

इसमें रोहित शर्मा का नाम भी शामिल है.

Advertisement
pic
2 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 2 जनवरी 2021, 01:52 PM IST)
Img The Lallantop
ऑस्ट्रेलिया में आइसोलेट किए गए खिलाड़ियों में रोहित शर्मा, रिषभ पंत और पृथ्वी शॉ शामिल हैं. (फाइल फोटो - PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more
टीम इंडिया इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है. दो टेस्ट मैच के बाद सीरीज़ 1-1 से बराबरी पर है. तीसरा टेस्ट मैच 7 जनवरी से सिडनी में खेला जाना है. लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तरफ से बायो बबल तोड़ने और कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का बड़ा मामला सामने आया है. ESPN क्रिकइन्फो की ख़बर के मुताबिक- तुरंत कार्यवाही करते हुए टीम के चार खिलाड़ियों को आइसोलेट कर दिया गया है. ये चार खिलाड़ी हैं – रोहित शर्मा, रिषभ पंत, शुभमन गिल, पृथ्वी शॉ और नवदीप सैनी. दरअसल ये सारा मामला शुरू हुआ एक ट्वीट से. मेलबर्न में रहने वाले नवलदीप सिंह नाम के एक व्यक्ति ने एक जनवरी को कुछ ट्वीट किए –
“मेरे सामने वाली टेबल पर गिल, पंत, शर्मा, सैनी. भूख नहीं है तो ये (खाने की फोटो डालते हुए) ऑर्डर कर दिया है ताकि इनको देखता रहूं. उनको पता नहीं है, लेकिन मैंने उनका बिल भी पे कर दिया है. अपने सुपरस्टार्स के लिए इतना तो कर ही सकता हूं.”
आगे नवलदीप ने लिखा कि जब क्रिकेटर्स को पता चला कि उनका बिल नवलदीप ने पे कर दिया है तो रोहित शर्मा ने कहा कि “भाई जी पैसे ले लो यार, अच्छा नहीं लगता”. लेकिन नवलदीप ने पैसे लेने से मना कर दिया. रिषभ पंत ने उन्हें झप्पी दी और हर क्रिकेटर के साथ उन्होंने फोटो खिंचवाई. ये फोटोज़ सामने आते ही कोहराम मच गया. सवाल उठने लगे कि टीम इंडिया के क्रिकेटर्स बायो बबल तोड़कर इस तरह रेस्टोरेंट में पार्टी कर रहे हैं. जबकि कोविड काल में मैचों के दौरान प्रोटोकॉल्स को लेकर तमाम सख़्ती बरते जाने के दावे किए जा रहे हैं. शाम होते-होते ये ख़बर भी आ गई कि टीम इंडिया के पांचों क्रिकेटर को आइसोलेट कर दिया गया है. ये बात टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाली है क्योंकि चार दिन बाद ही टेस्ट मैच शुरू होना है. टीम इंडिया के खिलाड़ियों के आइसोलेट किए जाने के बाद नवलदीप ने ट्वीट किया कि उन्हें लोग अब सोशल मीडिया पर गाली दे रहे हैं क्योंकि उनके ट्वीट्स की वजह से खिलाड़ियों को मुश्किल हुई. नवलदीप ने लिखा कि उन्हें दुख है कि उनके देश के लोग ही उनके ख़िलाफ हो गए हैं. साथ ही कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि सब ठीक हो जाए. बताते चलें कि रोहित शर्मा फिटनेस कारणों से ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ वनडे और टी20 सीरीज़ नहीं खेल पाए थे. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, अपना 14 दिन का क्वारंटीन पूरा किया. इतने में पहले दो टेस्ट मैच निकल गए. अब तीसरे टेस्ट मैच में रोहित के खेलने की संभावना बनी तो उससे पहले ये कांड हो गया.

Advertisement

Advertisement

()