RCB के मैच में फैन का प्लेकार्ड ' इंदिरानगर में एक 2BHK की तलाश', लोगों ने बताया कौन करेगा मदद
बैंगलोर में 'गुंडा' दिलाएगा घर?

ज़िंदगी में दो चीज़ें बहुत परेशान करती हैं. किराए का घर और घर का किराया. किराए का घर ढूंढने के लिए क्या-क्या करना पड़ता है. ये तो बस वही लोग जानते हैं, जो घर ढूंढने के लिए बाहर निकलते हैं. फैमिली वालों को तो फिर भी घर आसानी से मिल सकता है, लेकिन बैचलर्स… उनकी तो ख़ुदा भी नहीं सुनता. अपना रोना बंद कर, ख़बर पर आ जाते हैं. बेंगलुरु के दो लोगों को घर नहीं मिला, तो उन्होंने एक नया तरीका निकाला. आप सोच रहे होंगे क्या? तो बताते हैं.
15 अप्रैल को था RCB VS DC IPL मैच. मैच में ये दोनों भी आए. लेकिन प्लेकार्ड के साथ. आमतौर पर लोग प्लेकार्ड पर क्रिकेट या प्लेयर्स से जुड़ी चीज़ें लिखते हैं. लेकिन इन्होंने प्लेकार्ड पर लिखा, ‘इंदिरानगर में एक 2BHK की तलाश है.’
ये फोटो चिन्नास्वामी स्टेडियम की है. और ट्विटर पर शेयर की है अतिन बोस नाम के यूजर ने. उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा,
‘अपनी अपनी प्रायोरिटीज़ हैं, वरना हम कोहली को शादी के लिए भी पूछ सकते थे.'
फोटो शेयर करते ही सबसे पहला कॅामेंट आया housing.com का. उन्होंने लिखा,
‘तेरा ध्यान किधर है, तेरा हीरो इधर है’

मुमताज़ नाम की यूजर ने लिखा,
‘मैं दिल से दुआ करती हूं कि इस प्लेकार्ड से आपको घर मिल जाए.’

कार्तिक नाम के यूजर ने पूछा,
‘प्लेकार्ड को आप अंदर कैसे लेकर आ गए?’

जोसेफ थॉमस नाम के यूजर ने मज़ाक में पूछा,
‘मुझे लगता है कि एक ही व्यक्ति आपकी मदद कर सकता है और वो है "इंदिरानगर का गुंडा" राहुल द्रविड़.’

इन सबके अलावा कई लोगों ने कॅामेंट में अपना दुख भी बताया. आपको इस चर्चा में क्या कहना है, कॉमेंट्स में बताइए. और जाते-जाते इस मैच का हाल भी जानते जाइए. RCB ने पहले बैटिंग करते हुए 174 रन बनाए थे. जवाब में DC 151 रन ही बना पाई. RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली को 34 गेंद पर 50 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. दिल्ली के लिए मनीष पांडेय ने फिफ्टी जडी़.
वीडियो: RCB के फाफ की वायरल फोटो, टैटू का मतलब जान लीजिए!

