प्लेयर ने मारा लंबा छक्का, सड़क पर गिरी गेंद लेकर भाग गया फैन!
पोलार्ड ने फिर सड़क पर पहुंचाई गेंद और फिर...

UAE में इंटरनेशनल लीग T20 चल रही है. दुनियाभर के दिग्गज क्रिकेटर्स यहां अपने जलवे बिखेर रहे हैं. बीती रात डेजर्ट वाइपर्स और MI एमिरेट्स के बीच एक मजेदार मैच खेला गया. इस मैच में कायरन पोलार्ड ने ताबड़तोड़ फिफ्टी जड़ी. और उनकी टीम ने जीत भी दर्ज की. लेकिन अब इसी मैच से एक अजब वीडियो वायरल है.
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच के दौरान एमिरेट्स के प्लेयर डैन मूस्ली ने एक छक्का मारा. गेंद स्टेडियम के बाहर सड़क पर जा गिरी. और एक फैन इस गिरी गेंद को लेकर भाग खड़ा हुआ. बात पारी के 18वें ओवर की है. मतीशा पतिराना बोलिंग कर रहे थे. ओवर की तीसरी गेंद को मूस्ली ने स्टेडियम के बाहर मार दिया.
गेंद जाकर सड़क पर गिरी और वहां मौजूद एक युवा फैन ने इसे यादगार के रूप में रख लिया. उसने पास से गुजरती एक कार में बैठे व्यक्ति को यह गेंद दिखाई भी. इसी पारी के 19वें ओवर में पोलार्ड ने 104 मीटर लंबा छक्का मारा. गेंद फिर से सड़क पर जा गिरी. हालांकि इस बार एक फैन ने गेंद उठाकर वापस कर दी.
पोलार्ड ने अपनी पारी में चार छक्के और चार चौके जड़े. उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में 50 पूरे किए. MI एमिरेट्स ने 20 ओवर्स में तीन विकेट खोकर 241 रन बनाए. टीम के दोनों ओपनर्स मुहम्मद वसीम और आंद्रे फ्लेचर ने भी पचासे जड़े. जवाब में डेजर्ट वाइपर्स 84 रन पर सिमट गए.
अफ़ग़ानिस्तान के फज़लहक़ फ़ारुक़ी ने एमिरेट्स के लिए तीन विकेट निकाले. ज़हूर खान और इमरान ताहिर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए. इस जीत के बाद एमिरेट्स अब पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. जबकि वाइपर्स अभी दूसरे और गल्फ जाएंट्स पहले नंबर पर हैं. टेबल के टॉप पर रहने वाली चार टीम्स प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करेंगी. प्लेऑफ्स की शुरुआत 8 फरवरी से होगी. जबकि फाइनल 13 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
वीडियो: सूर्या ने टीम इंडिया को दूसरा T20 जिताकर बताया कि उनको 360 डिग्री खेलना कौन सिखा रहा है!

