PSL में बॉल टेंपरिंग करने वाले फखर जमान बैन किए गए, रेफरी ने दी सजा
फखर जमान अब PSL के अगले दो मैच मिस करेंगे. 3 अप्रैल को वो मुल्तान सुल्तान के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेल पाएंगे.

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में बॉल टेंपरिंग के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटर फखर जमान को सजा मिली है. मैच रेफरी ने उन पर दो मैचों का बैन लगाया है (Fakhar Zaman handed two-match ban). अंपायरों ने फखर जमान पर PSL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.14 के तहत कार्रवाई की.
फखर जमान पर दो मैचों का बैन 31 मार्च को लगाया गया. रेफरी रोशन महानामा ने इस मामले की सुनवाई की. इस दौरान फखर ने अपना पक्ष रखा. सुनवाई में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम डायरेक्टर समीन रजा और मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद थे.
मैच रेफरी रोशन महानामा ने फखर को कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 3 की दोषी पाया. अगर कोई प्लेयर इस लेवल का ऑफेंस करता है, तो उस पर कम से कम एक मैच का बैन लगाया जाता है. मैक्सिमम बैन 2 मैचों का होता है. फखर को 2 मैचों का बैन ही थमाया गया. यानी सबसे ज्यादा सजा दी गई.
फखर जमान अब PSL के अगले दो मैच मिस करेंगे. 3 अप्रैल को वो मुल्तान सुल्तान के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेल पाएंगे. 9 अप्रैल को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ मैच में भी वो नहीं खेलेंगे.
अपील का मौका हैPSL कोड ऑफ कंडक्ट के तहत अगर किसी प्लेयर पर बैन लगता है, तो उसके पास अपील का एक मौका होता है. मैच रेफरी से लिखित लेटर मिलने के 48 घंटे के अंदर वो टूर्नामेंट की टेक्निकल कमेटी को अपील कर सकते हैं.
आखिरी ओवर से पहले हुई बॉल टेंपरिंगबॉल टेंपरिंग का ये मामला 29 मार्च को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए PSL के 6वें मैच में सामने आया. मैच लाहौर में खेला जा रहा था. दूसरी पारी के 19वें ओवर के बाद कराची किंग्स को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे. आखिरी ओवर हारिस रऊफ को कराना था.
तभी लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान बॉलर के रन-अप के पास इकट्ठा हो गए. तीनों खिलाड़ियों ने बारी-बारी से गेंद को हाथ में लिया. अंपायर फैसल अफरीदी ने ये सब देख लिया. उन्होंने तुरंत गेंद मांगी, और उसे देखा. स्क्वायर लेग अंपायर शर्फुद्दौला से डिस्कस करने के बाद अंपायरों ने कहा कि बॉल टेंपरिंग हुई है.
अंपायरों ने लाहौर कलंदर्स को 5 रनों की पेनल्टी दी. साथ ही पुरानी गेंद बदलकर नई गेंद दे दी गई. ऐसा नियमों के तहत किया जाता है. इसके बाद कराची को जीत के लिए सिर्फ 9 रन ही बनाने थे. और टीम ने 3 गेंद रहते 4 विकेट से मैच जीत लिया.
कराची की टीम 129 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी. टीम ने 6 विकेट पर 131 रन बनाकर ये मैच अपने नाम कर लिया.
वीडियो: PSL मैच के दौरान शाहीन अफरीदी बॉल टैंपरिंग करते पकडे गए, मैच भी हारे, क्या सज़ा हुई?

.webp?width=60)
