इंग्लैंड का ये कौन सा खिलाड़ी है, जिसने ऑस्ट्रेलिया में तहलका मचा दिया?
इयन मॉर्गन की तो इस पर निगाहें टिक गई होंगी!
Advertisement

जेम्स विंसी ने नाबाद 98 रन की पारी खेलकर सिडनी सिक्सर्स को BBL फाइनल में पहुंचाया. (फोटो- Getty)
Quick AI Highlights
Click here to view more
बिग बैश लीग को अपनी पहली फाइनलिस्ट टीम मिल गई है. सिडनी सिक्सर्स ने फाइनल में जगह बना ली है. उसने क्वालिफायर मुकाबले में पर्थ स्कॉचर्स को 9 विकेट से हराया. मैच में पर्थ स्कॉचर्स के कप्तान एश्टन टर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टूर्नामेंट में अब तक अच्छा प्रदर्शन कर रहे पर्थ के ओपनर जेसन रॉय तीन रन बनाकर ही आउट हो गए. लियाम लिविंगस्टोन ने 15 और कोलिन मुनरो ने 30 रन बनाए. ऐसे में विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंगलिस ने अच्छी पारी खेली. उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 41 गेंद पर नाबाद 69 रन बनाए. कप्तान टर्नर ने 22 गेंद पर 33 रन बनाए. पर्थ ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए. सिडनी की तरफ से स्टीव ओ कीफी ने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया. कार्लोस ब्राथवेट ने भी 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर एक विकेट लिया.
इस रन चेज़ को सिडनी के ओपनर्स ने एकतरफा ही बना दिया. जोश फिलिप और जेम्स विंसी ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 92 रन जोड़ डाले. फिलिप 28 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हुए. वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाज विंसी ने 53 गेंद पर 98 रन की जोरदार पारी खेली और टीम को मैच जिताकर ही लौटे. टीम ने तीन ओवर बाकी रहते ही मैच जीत लिया. विंसी ने करीब 185 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. पर्थ स्कॉचर्स ने सात गेंदबाज आजमाए, लेकिन सिडनी की मज़बूत बल्लेबाजी के सामने सभी बेअसर रहे. इस हार के बाद भी पर्थ स्कॉचर्स के पास अभी फाइनल में पहुंचने का एक मौका बचा है.
इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए इंग्लैंड के कप्तान इयन मॉर्गन की निगाहें विंसी के इस खेल पर ज़रूर गई होंगी. विंसी ने अब तक इंग्लैंड के लिए 13 टेस्ट, 16 वनडे और 12 टी20 मैच खेले हैं. BBL में भी सिडनी सिक्सर्स की तरफ से पिछले पांच मैच में ये उनका चौथा 30+ स्कोर है.

