The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • ENG vs NZ: Neil wagner shines as New zealand snatch dramatic one-run win over England

पहली पारी में जिसे जमकर कूटा, उसी ने इंग्लैंड से छीन लिया जीता हुआ मैच!

इंग्लैंड पर भारी पड़ा उनका ही प्लान.

Advertisement
pic
28 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 28 फ़रवरी 2023, 04:51 PM IST)
New zealand cricket, Neil wagner, ENG vs NZ
न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम (AFP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट मैच में एक रन से हरा दिया है. वेलिंगटन में खेले गए इस बेहद रोमांचक मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड के सामने 258 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में इंग्लिश टीम 257 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. न्यू़ज़ीलैंड की जीत में सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे फास्ट बोलर नील वैग्नर (Neil Wagner). उन्होंने दूसरी इनिंग में चार विकेट लेकर इंग्लैंड से जीता हुआ मैच छीन लिया.

वैग्नर ने दूसरी पारी में 15.2 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट हासिल किए. जब रूट और स्टोक्स क्रीज पर थे, तो एक वक्त ऐसा लगा कि इंग्लैंड की टीम आसानी से दूसरा टेस्ट जीत जाएगी. लेकिन वैग्नर ने जो रूट और बेन स्टोक्स को आउट कर न्यूज़ीलैंड की वापसी कराई. और अंत में जेम्स एंडरसन को आउट कर, उन्होंने अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी. पहली पारी में इंग्लैंड के बैटर्स ने वैग्नर की जमकर कुटाई की थी. वैग्नर ने इस दौरान 21 ओवर में 119 रन लुटाए थे.

# स्टोक्स ने मानी गलती

मैच खत्म होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने माना कि उन्होंने नील वैग्नर को हल्के में लिया, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. स्टोक्स ने कहा,

‘नील वैग्नर बोलिंग करने आए और उन्होंने मैच का रुख अपनी टीम की तरफ मोड़ दिया. वैग्नर जब लगातार बाउंसर्स डाल रहे थे, तब मुझे लगा कि उनके ओवर में 20 से ज्यादा रन बटोरे जा सकते हैं. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. वैग्नर और साउदी ने जो प्लान बनाया, वो कामयाब रहा. हार के साथ सीरीज़ का अंत करना निराशाजनक रहा.’

# मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो पांचवें और आखिरी दिन इंग्लैंड ने एक विकेट खोकर 48 रन से आगे खेलना शुरू किया. और टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई. 80 रन के स्कोर पर इंग्लैंड के पांच विकेट आउट हो गए. जिसके बाद बेन स्टोक्स और जो रूट ने मिलकर छठे विकेट के लिए 121 रन की पार्टनरशिप की. रूट 95 और स्टोक्स 33 रन बनाकर आउट हुए.

इसके बाद बेन फ़ोक्स 35 रन की पारी खेल टीम को जीत के क़रीब ले गए. लेकिन उनके आउट होते ही न्यूज़ीलैंड ने मैच में वापसी कर ली. नील वैग्नर ने जेम्स एंडरसन को आउट कर न्यूज़ीलैंड को एक रन से जीत दिला दी. दूसरी पारी में न्यूज़ीलैंड के लिए वैग्नर ने चार और साउदी ने तीन विकेट लिए.

फॉलोऑन खेलने वाली न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में अच्छी वापसी की थी. न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में 483 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 258 रन का लक्ष्य रखा. इससे पहले इंग्लैंड ने पहली पारी में हैरी ब्रूक और जो रूट के शानदार शतकों की मदद से आठ विकेट के नुकसान पर 435 रन बनाए थे. जिसके जवाब में न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 209 रन पर सिमट गई थी.

वीडियो: बेन स्टोक्स के IPL टीम CSK से जुड़ते ही कप्तानी पर बवाल कटने लगा!

Advertisement

Advertisement

()