The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Ek kavita roz: poetry management by shubham shri

एक कविता रोज़: पोएट्री मैनेजमेंट

आज पढ़िए शुभम श्री की कविता. और पढ़िए कि कविता क्यों होनी चाहिए.

Advertisement
pic
4 अगस्त 2016 (अपडेटेड: 4 अगस्त 2016, 04:46 PM IST)
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more

शुभम श्री वो नहीं लिखतीं जो सब लिखते हैं. होती है वो कविता, अलग कलेवर की. जो शब्द कविता की पहचान माने जाते हैं. वो आपको यहां नहीं मिलेंगे. चाहे पांच सेल वाली टॉर्च जलाकर खोजो. भाषा और ताजगी का नया ही एहसास कराती हैं शुभम की कविताएं. यहां जो कविता हम आपको पढ़वा रहे हैं, उसके लिए उन्हें भारत भूषण सम्मान मिला है. इस कविता को पढ़ने वालों ने जब सम्मान की घोषणा सुनी तो कुछ को अचम्भा हुआ, कुछ को पेट दर्द. ऐसा क्या है इसमें, खुद ही पढ़ लो.

कविता लिखना बोगस काम है!

अरे फ़ालतू है!

एकदम

बेधन्धा का धन्धा!

पार्ट टाइम!

साला कुछ जुगाड़ लगता एमबीए-सेमबीए टाइप

मज्जा आ जाता गुरु!

माने इधर कविता लिखी उधर सेंसेक्स गिरा

कवि ढिमकाना जी ने लिखी पूंजीवाद विरोधी कविता

सेंसेक्स लुढ़का

चैनल पर चर्चा

यह अमेरिकी साम्राज्यवाद के गिरने का नमूना है

क्या अमेरिका कर पाएगा वेनेजुएला से प्रेरित हो रहे कवियों पर काबू?

वित्त मन्त्री का बयान

छोटे निवेशक भरोसा रखें

आरबीआई फटाक रेपो रेट बढ़ा देगी

मीडिया में हलचल

समकालीन कविता पर संग्रह छप रहा है

आपको क्या लगता है आम आदमी कैसे सामना करेगा इस संग्रह का?

अपने जवाब हमें एसएमएस करें

अबे, सीपीओ (चीफ़ पोएट्री ऑफ़िसर) की तो शान पट्टी हो जाएगी!

हर प्रोग्राम में ऐड आएगा

रिलायंस डिजिटल पोएट्री

लाइफ़ बनाए पोएटिक

टाटा कविता

हर शब्द सिर्फ़ आपके लिए

लोग ड्राइंग रूम में कविता टांगेंगे

अरे वाह बहुत शानदार है

किसी साहित्य अकादमी वाले की लगती है

नहीं जी, इम्पोर्टेड है

असली तो करोड़ों डॉलर की थी

हमने डुप्लीकेट ले ली

बच्चे निबन्ध लिखेंगे

मैं बड़ी होकर एमपीए करना चाहती हूं

एलआईसी पोएट्री इंश्योरेंस

आपका सपना हमारा भी है

डीयू पोएट्री ऑनर्स, आसमान पर कटऑफ़

पैट (पोएट्री एप्टीट्यूड टैस्ट)

की परीक्षाओं में फिर लड़कियां अव्वल

पैट आरक्षण में धांधली के ख़िलाफ़ विद्यार्थियों ने फूंका वीसी का पुतला

देश में आठ नए भारतीय काव्य संस्थानों पर मुहर

तीन साल की उम्र में तीन हज़ार कविताएं याद

भारत का नन्हा अजूबा

ईरान के रुख़ से चिन्तित अमेरिका

फ़ारसी कविता की परम्परा से किया परास्त

ये है ऑल इण्डिया रेडियो

अब आप सुनें सीमा आनन्द से हिन्दी में समाचार

नमस्कार

आज प्रधानमन्त्री तीन दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय काव्य सम्मेलन के लिए रवाना हो गए

इसमें देश के सभी कविता गुटों के प्रतिनिधि शामिल हैं

विदेश मन्त्री ने स्पष्ट किया है कि भारत किसी क़ीमत पर काव्य नीति नहीं बदलेगा

भारत पाकिस्तान काव्य वार्ता आज फिर विफल हो गई

पाकिस्तान का कहना है कि इक़बाल, मण्टो और फ़ैज़ से भारत अपना दावा वापस ले

चीन ने आज फिर नए काव्यालंकारों का परीक्षण किया

सूत्रों का कहना है कि यह अलंकार फिलहाल दुनिया के सबसे शक्तिशाली

काव्य संकलन पैदा करेंगे

भारत के प्रमुख काव्य निर्माता आशिक़ आवारा जी काआज तड़के निधन हो गया

उनकी असमय मृत्यु पर राष्ट्रपति ने शोक ज़ाहिर किया है

उत्तर प्रदेश में फिर दलित कवियों पर हमला

उधर खेलों में भारत ने लगातार तीसरी बार

कविता अंत्याक्षरी का स्वर्ण पदक जीत लिया है

भारत ने सीधे सेटों में ‍‍6-5, 6-4, 7-2 से यह मैच जीता

समाचार समाप्त हुए

आ गया आज का हिन्दू, हिन्दुस्तान टाइम्स, दैनिक जागरण, प्रभात ख़बर

युवाओं पर चढ़ा पोएट हेयरस्टाइल का बुखार

कवियित्रियों से सीखें हृस्व दीर्घ के राज़

30 वर्षीय एमपीए युवक के लिए घरेलू, कान्वेण्ट एजुकेटेड, संस्कारी वधू चाहिए

25 वर्षीय एमपीए गोरी, स्लिम, लम्बी कन्या के लिए योग्य वर सम्पर्क करें

गुरु मज़ा आ रहा है

सुनाते रहो

अपन तो हीरो हो जाएंगे

जहां निकलेंगे वहीं ऑटोग्राफ़

जुल्म हो जाएगा गुरु

चुप बे

थर्ड डिविज़न एम० ए०

एमपीए की फ़ीस कौन देगा?

प्रूफ़ कर बैठ के

ख़ाली पीली बकवास करता है

Advertisement

Advertisement

()