The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Dhoni plays with so much pressure and chepauk crowd is crazy for him claimed CSK players

वहां इतना शोर था कि... धोनी के बैटिंग पर उतरते वक्त कैसा होता है चेपॉक का माहौल?

धोनी के साथियों ने ही बताया.

Advertisement
pic
11 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 11 अप्रैल 2023, 01:35 AM IST)
MS Dhoni is the biggest superstar of IPL2023
महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई वाले प्यार से थला भी बुलाते हैं (पीटीआई फाइल)
Quick AI Highlights
Click here to view more

महेंद्र सिंह धोनी. मैन, मिथ, लेजेंड. धोनी सालों से इंडियन क्रिकेट फ़ैन्स के दिलों पर राज कर रहे हैं. IPL2023 के दौरान उनके भौकाल में और बढ़ोत्तरी ही हुई है. अभी तक के टूर्नामेंट में फ़ैन्स को कई यादगार पल देखने को मिले हैं. और इन पलों का एक बड़ा हिस्सा धोनी के नाम है.

धोनी इस साल जितनी भी बार मैदान पर उतरे हैं, बवाल मचाकर ही गए हैं. चेन्नई की टीम ने अभी तक अपने घर में सिर्फ़ एक मैच खेला है. यह मैच केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ़ हुआ था. और इस मैच के दौरान धोनी ने दो कमाल के छक्के जड़े थे.

धोनी की टीम, CSK ने अब इसी मैच से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में टीम के ओपनर डेवन कॉन्वे और ड्वेन प्रिटोरियस धोनी के बैटिंग पर आते वक्त स्टेडियम के माहौल की बात कर रहे हैं. कॉन्वे कहते हैं,

'चेपॉक में एमएस को क्रीज़ पर जाते देखना स्पेशल था. आप बहुत सी कहानियां सुनते हैं कि जब वह बैटिंग पर आते हैं तो लोग क्रेज़ी हो जाते हैं. और इसका फर्स्टहैंड एक्सपीरियंस करना, वहां होना, बहुत स्पेशल था. वहां इतना शोर था कि मैं सच में खुद को ही नहीं सुन पा रहा था. पहली गेंद पर उन्होंने छक्का मारा, दूसरी पर और भी लंबा छक्का. दुनिया में बहुत सारे प्लेयर्स ऐसा नहीं कर सकते. इसलिए, वहां होना और व्यक्तिगत तौर पर इसका अनुभव करना बेहतरीन था. और हां, इसे फर्स्ट हैंड देखना बहुत खास था.'

CSK के ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस ने भी इस बारे में बात की. उन्होंने कहा कि वह इस बात की कल्पना भी नहीं कर सकते, कि बैटिंग के लिए उतरते वक्त धोनी पर कितना प्रेशर होता है. उन्होंने कहा,

'मेरे लिए, वहां बैठना और उन्हें बैटिंग पर जाते देखना, जाहिर तौर पर सब लोग चियर कर रहे थे. और मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि उनके कंधों पर कितना प्रेशर रहता होगा. वह दुनिया के बेस्ट फिनिशर्स में से एक हैं. और उनके अब भी परफॉर्म करते देखना बहुत खुशी की बात है.'

चार बार के चैंपियंस, CSK 12 अप्रैल, बुधवार को फिर एक्शन में होंगे. वह एम ए चिदंबरम स्टेडियम में संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स का सामना करेंगे.

वीडियो: रिंकू सिंह इंटरव्यू में बताया शाहरूख खान का फोन आया तो क्या बात हुई?

Advertisement

Advertisement

()