The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • CWG 2022: Punjab Government Announces Rs 40 Lakh Cash Reward For CWG Bronze Medallist Harjinder Kaur

वेटलिफ्टिंग में ब्रॉन्ज़ जीतने के बाद हरजिंदर कौर के लिए पंजाब सरकार ने किया बड़ा ऐलान

हरजिंदर कौर को पंजाब सरकार देगी 40 लाख.

Advertisement
pic
2 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 2 अगस्त 2022, 10:57 PM IST)
Harjinder Kar_CWG 2022. Photo: AP
हरजिंदर कौर. फोटो: AP
Quick AI Highlights
Click here to view more

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के वेटलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाली हरजिंदर कौर के लिए पंजाब सरकार ने पुरस्कार राशि का ऐलान किया है. पंजाब सरकार ने हरजिंदर को 40 लाख रुपये देने की घोषणा की है. हरजिंदर ने सोमवार, 1 अगस्त को वेटलिफ्टिंग की 71kg कैटेगरी में ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया था.

पंजाब के शहर पटियाला के नाभा की रहने वाली हरजिंदर ने अपने मुकाबले में कुल 212 किलो वज़न उठाया. जिसमें स्नैच में 93 किलो और क्लीन एंड जर्क में 119 किलो रहे. इसके साथ ही वो इस इवेंट में नंबर तीन पर आई. इस इवेंट में इंग्लैंड की सारा डेविस ने 229 किलो वज़न उठाकर गोल्ड जीता. वहीं कनाडा की एलेक्सिस ऐशवर्थ ने 214 किलो वज़न उठाया.

इस इवेंट में मेडल जीतने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हरजिंदर को बधाई संदेश भेजा. मान ने ट्वीट किया,

'नाभा के पास के गांव मेहास की रहने वाली हरजिंदर कौर को कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने के लिए बहुत बधाई. हरजिंदर आप पंजाब की लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. आपके माता-पिता और कोच को भी खूब बधाई.'

भगवंत मान ने ये भी कहा कि पंजाब की इस सुपरस्टार को 40 लाख रुपये की राशि ईनाम स्वरूप दी जाएगी. भगवंत मान ने ट्वीट किया,

'राष्ट्रमंडल खेल-2022 में पंजाब की वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता. नाभा की रहने वाली हरजिंदर कौर को पंजाब सरकार की खेल नीति के तहत 40 लाख रुपए की ईनामी राशि दी जाएगी. हरजिंदर की ये उपलब्धि भविष्य में खिलाड़ियों, ख़ास तौर पर हमारी बेटियों को प्रोत्साहित करेगी.'

हरजिंदर की जीत का जश्न उनके गांव में भी मनाया जा रहा है. हरजिंदर के भाई प्रीतपाल सिंह ने इस जीत के बाद कहा,

'इतनी कड़ी मेहनत के बाद उसने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है. ये हमारे लिए गर्व से भरने वाला पल है. हम सभी इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि वो मेडल ज़रूर जीतेगी.'

उन्होंने आगे कहा,

'हमारे परिवार में हर किसी ने उन्हें इस खेल में आगे बढ़ने के लिए पूरा सपोर्ट किया.'

भारत ने मंगलवार शाम तक कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 12 मेडल जीत लिए हैं. जिनमें पांच गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज़ हैं.

सुशीला देवी के संघर्षों से मेडल तक के सफर की कहानी!

Advertisement

Advertisement

()