The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • CWG 2022: Indian womens cricket team reaches semis after win over Barbados by 100 runs

इंडियन विमेंस क्रिकेट टीम ने बारबाडोस को बताया कि कैसा खेला जाता है क्रिकेट!

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया.

Advertisement
pic
4 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 4 अगस्त 2022, 12:37 PM IST)
INDIAN WOMEN'S TEAM
भारतीय महिला टीम (AP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women's team) कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई है. अपने तीसरे ग्रुप मैच में बारबाडोस के खिलाफ जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल के लिए जगह पक्की की. बुधवार, 3 अगस्त को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने बारबाडोस को 100 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. विमेंस T20 क्रिकेट के इतिहास में भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है. 

भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 162 रनों का स्कोर बनाया. जिसके जवाब में बारबाडोस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 62 रन ही बना सकी. भारत की ओर से रेणुका सिंह ठाकुर ने 10 रन देकर चार विकेट हासिल किए.

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप-A में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. जबकि पहले मैच में भारतीय टीम को हराने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले स्थान पर रही. वहीं अपने सभी मैच हारकर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई. 

#मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो बारबाडोस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया. पहले खेलने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 162 रन का स्कोर बनाया. टीम के लिए जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 46 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की बदौलत 56 रनों की नाबाद पारी खेली. वहीं शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों पर 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 43 रन बनाए. आखिरी के ओवरों में दीप्ति शर्मा ने तेजी से बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 34 रन बनाए. जेमिमाह और दीप्ति ने 5वें विकेट के लिए 70 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. 

जबाव में बारबाडोस की टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आई. रेणुका ठाकुर धारदार गेंदबाज़ी का सामना बारबाडोस की टीम नहीं कर पाई और टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर महज़ 62 रन ही बना पाई. रेणुका ठाकुर ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं 4 भारतीय खिलाड़ियों ने 1-1 विकेट हासिल किया. 

# इंग्लैंड-न्यूजीलैंड ने किया क्वालीफाई

ग्रुप B से न्यूजीलैंड और इंग्लैंड टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. इन दोनों ही टीमों को अब भी आपस में लीग मैच खेलना है. लेकिन इन टीम्स ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्का कर ली है. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम का सामना सेमीफाइनल में भारत से होगा, वहीं हारने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी. सेमीफाइनल मुकाबला 6 अगस्त और फाइनल मैच 7 अगस्त को खेला जाएगा.

वीडियोः बैडमिंटन में गोल्ड जीतने से कैसे चूक गया भारत

Advertisement

Advertisement

()