इंडियन विमिंस हॉकी टीम ने कनाडा के खिलाफ़ गजब ही कर दिया!
पांचवीं बार सेमीफाइनल में टीम इंडिया.

Commenwealth Games 2022. इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला हॉकी टीम कमाल का प्रदर्शन कर रही है. टीम ने अपने आखिरी पूल मुकाबले में कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. टीम इंडिया ने ये मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया.
इस मैच में टीम इंडिया ने बढ़िया शुरुआत की. टीम ने कनाडा के खिलाड़ियों पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा. भारतीय महिलाओं ने जल्दी ही कनाडा के डिफेंस को तोड़ा और वंदना कटारिया ने इंडिया को पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया. और इसका फायदा उठाते हुए सलीमा टेटे ने इंडिया के लिए मैच का पहला गोल भी कर दिया. पहला क्वॉर्टर 1-0 पर खत्म हुआ.
दूसरे क्वॉर्टर की शुरुआत भी इंडिया के गोल से हुई. यहां पर कनाडा के मूव्स को तोड़ते हुए नवनीत ने टीम इंडिया के लिए दूसरा गोल दागा. लेकिन यहां पर फिर कनाडा ने वापसी की. उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर एक गोल वापस खींचा. और यहां मुकाबला 2-1 हो गया. यहां से कनाडा ने वापसी करनी शुरू की. गेंद को अपने पास रखा. और ओपनिंग के मौके खोजे. और ये मौका उनकी टीम को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए मिला. यहां पर उनकी टीम ने एक और गोल किया. और अब स्कोर 2-2 की बराबरी पर आ गया.
इस बीच कनाडा को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन इस बार वो इंडियन डिफेंस को नहीं तोड़ पाए. तीसरा क्वॉर्टर 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ. और चौथे क्वॉर्टर में टीम इंडिया ने जीत के लिए अटैकिंग शुरुआत की. और यहां आखिरी के कुछ मिनटों में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर ललरेमसियामी ने गोल दागकर टीम इंडिया को फिर से लीड दिला दी.
इस लीड के बाद भी टीम इंडिया अंत तक अपनी लीड बढ़ाने की कोशिश में लगी रही. वंदना और संगीता कुमारी ने कुछ अच्छे प्रयास भी किए. लेकिन वंदना का शॉट गोलपोस्ट से दूर निकल गया, वहीं संगीता के शॉट को कनाडा की गोलकीपर ने रोक दिया. हालांकि इसके बाद भी कनाडा की टीम इंडिया को सेमी फाइनल में जाने से नहीं रोक पाई. भारतीय महिलाओं ने ये मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया.
बताते चलें, टीम इंडिया के लिए मैच का तीसरा गोल निकालने वाली ललरेमसियामी को आखिरी मिनटों में फील्ड से बाहर जाना पड़ा. उन्हें खेल के दौरान चोट लग गई थी. ललरेमसियामी को लगी चोट देखने में गंभीर लग रही है. उन्हें मैदान से बाहर जाने के लिए मदद की जरूरत पड़ी. वह ठीक से चल नहीं पा रही थीं.
लॉन बॉल, जिस गेम में टीम इंडिया पहली बार फाइनल में पहुंची है, आखिर उसे खेला कैसे जाता है?

