CWG 2022 में टेबल टेनिस के धुरंधरों ने एक और गोल्ड मेडल दिला दिया
भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 18 पहुंच चुकी है.

अचंता शरत कमल (Achanta Sharath Kamal). भारत के महान टेबल टेनिस प्लेयर शरत कमल का कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में शानदार प्रदर्शन जारी है. वो जिस भी इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं उसमें वो मेडल पक्का कर रहे हैं. रविवार, 7 अगस्त की देर रात मिक्स्ड इवेंट में कमल ने श्रीजा अकुला के साथ गोल्ड मेडल जीता. इसके अलावा उन्होंने मेंस सिंगल्स के फाइनल में भी अपना जगह पक्का कर लिया है.
#फाइनल में किया कमालअचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया के जावेन चुंग और कारेन लाइने को 11-4, 9-11, 11-5, 11-6 से हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया. फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत कर पहले गेम को 11-4 से अपने नाम कर लिया. वहीं मलेशियाई जोड़ी ने अगला गेम जीत मैच को बराबरी पर ला दिया. जिसके बाद भारतीय जोड़ी ने धमाकेदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत मैच को अपने नाम कर लिया. शरत कमल ने अपने करियर में पहली बार मिक्स्ड डबल्स में गोल्ड जीता है. जबकि श्रीजा ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेते हुए कमाल दिखाया है.
#मेंस सिंगल्स के फाइनल में पहुंचेइससे पहले शरत कमल ने मेंस सिंगल्स के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. सेमीफाइनल मुकाबले में शरत कमल ने इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहाल को कड़े मुकाबले में 11-8, 11-8, 8-11, 11-7, 9-11, 11-8 से हराया. वहीं एक अन्य भारतीय खिलाड़ी जी साथियान को मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के लियाम पिचफोर्ड से 5-11, 11-4, 8-11, 9-11, 9-11 से हार का सामना करना पड़ा. शरत कमल ने इससे पहले साल 2006 में मेंस सिंगल्स का गोल्ड मेडल जीता था.
#मेंस डबल्स में मिला सिल्वरइससे पहले शरत कमल और जी साथियान ने मेंस डबल्स में सिल्वर मेडल हासिल किया. शरत कमल और साथियान को इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहाल और लियाम पिचफोर्ड की जोड़ी ने काफी रोमांचक मुकाबले में 8 -11, 11-8, 11-3, 7-11, 11-4 से हराकर गोल्ड मेडल जीता.
#श्रीजा अकुला नहीं जीत पाईं ब्रॉन्जइससे पहले श्रीजा अकुला को महिला सिंगल्स के ब्रॉन्ज मेडल के बेहद रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. श्रीजा को ऑस्ट्रेलिया की यांग्ज़ी लियू से 11-3 6-11 2-11 11-7 13-15 11-9 7-11 हार मिली. डेढ़ घंटे से ज्यादा चले इस मुकाबले में श्रीजा ने आखिर तक संघर्ष किया लेकिन वो आखिरी गेम को जीतने में असफल रहीं.
शरत कमल कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में अब तक कुल 3 मेडल अपने नाम कर चुके हैं. उनके नाम मेंस टीम इवेंट और मिक्स्ड डबल्स में गोल्ड और मेंस डबल्स में सिल्वर मेडल हैं. इसके साथ भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 18 हो गई है. अब कमल की नजरें मेंस सिंगल्स में गोल्ड हासिल करने पर होगी.
वीडियोः CWG 2022: भारतीय बैडमिंटन टीम कैसे गोल्ड मेडल जीतने से रह गई?

