हैट्रिक लेने से चूके कुलदीप, लेकिन कुंबले-अश्विन वाले क्लब में जगह बना ली
Champions Trophy 2025 में कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार बॉलिंग की. उन्होंने इस मैच के दौरान Anil Kumble, R ashwin और Harbhajan Singh वाले क्लब में जगह बना ली.

Champions Trophy 2025 में टीम इंडिया के बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) हैट्रिक बनाने से चूक गए. लेकिन उन्होंने इस मैच में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया. पाकिस्तान की टीम ने भारत के खिलाफ 50 ओवर में 241 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है. कुलदीप ने अपनी किफायती गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया. साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 300 विकेट भी पूरे कर लिए.
कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के 43वें ओवर में सलमान आगा (Salman Agha) और खुशदिल शाह (Khushdil Shah) के बीच 35 रनों की पार्टनरशिप पर ब्रेक लगा दी. उन्होंने इस ओवर की चौथी गेंद पर सलमान आगा को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच ऑउट करा दिया. ये वनडे क्रिकेट में उनका 175वां विकेट रहा.
कानपुर में पैदा हुए कुलदीप यादव के नाम टेस्ट क्रिकेट में 56 और T20 इंटरनेशनल में 69 विकेट हैं. उन्होंने सलमान आगा को आउट करने के बाद मैच में दो और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इसी के साथ कुलदीप इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट लेने वाले भारत के पांचवे स्पिनर बन गए हैं. उनसे पहले इस ‘एलिट क्लब’ में अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह और रवींद्र जडेजा शामिल हैं.
हैट्रिक से चूकेकुलदीप के पास इस मैच में हैट्रिक का भी मौका आया. दरअसल, पाकिस्तानी टीम ने 43 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए थे. कुलदीप ने इसी ओवर में लगातार दो गेंदों में दो विकेट लिए. उन्होंने चौथी गेंद पर सलमान को आउट किया और अगली गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी को चलता किया.
शाहीन, कुलदीप की गेंद पर LBW हो गए. लेकिन 43वें ओवर की अंतिम गेंद खेलने आए नसीम शाह ने कुलदीप की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. हालांकि, कुलदीप ने 47वें ओवर में नसीम शाह को चलता किया. विराट कोहली के हाथों कैच आउट होने से पहले नसीम ने अपनी टीम के स्कोर में 14 रनों का योगदान दिया.
इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में अक्षर पटेल भी हैट्रिक से चूक गए थे. उनका हैट्रिक चूकना चर्चा का विषय बना था. क्योंकि रोहित शर्मा ने हैट्रिक बॉल पर कैच ड्रॉप कर दिया था. रोहित शर्मा ने इसको लेकर कुलदीप से माफी मांगी थी और मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसपर अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी.
यह भी पढ़ें:पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कोहली का नया रिकॉर्ड, सचिन के बाद अजहरुद्दीन को भी पीछे छोड़ा
पाकिस्तान के खिलाफ शानदार फॉर्म में कुलदीपपाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप लगातार अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने अबतक पाकिस्तान के खिलाफ 7 वनडे मैचों की 6 पारियों में 15 विकेट हासिल किए हैं. इन मैचों में 21.5 की स्ट्राइक रेट और 14 की औसत से विकेट लिए हैं. उन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए एशिया कप के मैच में 25 रन देकर पांच विकेट लिए थे. उनकी इस गेंदबाजी से पाकिस्तान को टीम ने 128 रनों पर समेट दिया था. भारत ने इस मैच में 228 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी.
बताते चलें कि कुलदीप ने साल 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 सितंबर, 2017 को हैट्रिक ली थी. तब वे भारत के तीसरे गेंदबाज थे जिन्होंने वनडे में हैट्रिक लिया था. उनसे पहले चेतन चौहान और हरभजन सिंह ने वनडे में हैट्रिक लिया था. वहीं, 2019 में कुलदीप ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ भी हैट्रिक ली थी.
वीडियो: बेन डकेट ने खेली ऐतिहासिक पारी, 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ सचिन-गांगुली से आगे निकले

