साकिब हुसैन की मां ने क्यों बेचे अपने गहने? डेब्यू मैच से पहले की कहानी भावुक कर देगी
सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 4 विकेट लेकर कोहराम मचा दिया है.

सनराइजर्स हैदराबाद का 21 साल का गेंदबाज. नाम साकिब हुसैन. 13 अप्रैल को IPL का अपना पहला मैच खेलने उतरे. पहले ही ओवर में उनके खाते में आया विकेट. राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल उनका शिकार बने. विकेट लेते ही साकिब ने जमकर सेलिब्रेट किया. इस सेलिब्रेशन में उनके चेहरे पर खुशी के साथ राहत का भाव भी नजर आया.
ये राहत शायद इस बात की होगी कि जिस परिवार ने उनके लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, साकिब ने उनके भरोसे को टूटने नहीं दिया. बिहार के एक छोटे शहर गोपालगंज से शुरू होकर दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग तक का उनका सफर काबिल-ए-गौर है.
सेना में जाना चाहते थे साकिबसाकिब के पिता अली अहमद हुसैन किसानी करके परिवार की देखभाल कर रहे थे. चार बच्चों के पिता अहमद के लिए घर का खर्चा चलाना आसान नहीं था. आगे चलकर घुटने में दिक्कत होने के चलते उनका काम करना बहुत मुश्किल हो गया. परिवार की आमदनी को इससे झटका लगा. ऐसे में साकिब सेना में भर्ती की तैयारी में लग गए. वह स्टेडियम में रनिंग करते थे, लेकिन यहीं से उनकी कहानी में 'क्रिकेट ट्विस्ट' आया.
साकिब को ट्रेनिंग करते हुए देखकर लोगों ने उन्हें क्रिकेट खेलने की सलाह दी. साकिब ने टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया. यहां उन्हें मैच खेलने पर 500-700 रुपये मिलने लगे. जब वह शहर से बाहर मैच खेलने जाते तो एक दिन का 2500-3000 रुपये मिलने लगे. इसी के बाद साकिब ने तय कर लिया कि अब वह क्रिकेट में ही करियर बनाएंगे. लेकिन इसके आगे का सफर आसान नहीं था. प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पैसों की जरूरत थी और उस समय परिवार के लिए खाने का इंतजाम करना भी मुश्किल हुआ करता था.
केकेआर से जुड़े एक वायरल वीडियो में साकिब कहते हैं,
मां ने बेच दिए गहनेस्पाइक्स जूते 10 से 15 हजार रुपये के बीच आते हैं. इतने का जूता लेंगे तो खाएंगे क्या?
साकिब ने यह परेशानी अपनी मां को बताई. उनसे पूछा कि बिना जूते के क्रिकेट कैसे खेलेंगे. मां के पास बच्चे के 'हर दर्द की दवा' होती है. साकिब की मां ने अपने गहने बेचे और बेटे को जूते दिलाए. साकिब को तब एहसास हुआ कि क्रिकेटर बनना अब सिर्फ उनका सपना नहीं है, यह उनके पूरे परिवार का सपना बन चुका है. ऐसे में मेहनत हुई डबल, लेकिन सफलता अभी भी दूर थी.
यह भी पढ़ें- RR और SRH के बीच मुकाबला, प्रफुल हिंगे बने 'स्टार प्लेयर ऑफ़ द मैच'
साकिब ने 2022–23 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए अपना T20 डेब्यू किया और दूसरे ही मैच में 20 रन देकर 4 विकेट लिए. तब वो सिर्फ 17 साल के थे. इसके बाद, 2025–26 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने पहली बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ 41 रन देकर कुल 6 चटकाए.
नेट बॉलर से हुई शुरुआतसाल 2023 में वह चेन्नई सुपर किंग्स के नेट बॉलर बने. अगले साल उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने चुना. हालांकि उन्हें दो सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. साल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा.
साकिब हुसैन को सीजन की शुरुआत में मौका नहीं मिला. 13 अप्रैल को आखिरकार ये मौका आया. अपने आईपीएल डेब्यू मैच में साकिब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. उन्होंने यशस्वी जायसवाल के अलावा डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को आउट किया. इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है.
वीडियो: ईशान किशन ने बल्ले से बरसाई आग, राजस्थान रॉयल्स को जमकर धोया

