गांगुली ने सुनाया द्रविड़ की सादगी का बेहतरीन क़िस्सा
क्रिकेट के असली जेंटलमैन राहुल द्रविड़.
Advertisement

Sourav Ganguly ने सुनाया Rahul Dravid से जुड़ा शानदार क़िस्सा (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
कहते हैं कि क्रिकेट जेंटलमेंस मतलब भद्र पुरुषों का खेल है. और राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ी अक्सर इस बात को सही भी साबित करते रहते हैं. क्रिकेट इतिहास के सबसे भद्र पुरुषों में से एक माने जाने वाले द्रविड़ अक्सर अपनी शालीनता के लिए चर्चा में रहते हैं. प्लेयर, कप्तान और फिर कोच के रूप में द्रविड़ के व्यवहार की हमेशा ही सराहना हुई है.
उनके व्यवहार से जुड़ा एक और क़िस्सा सामने आया है. BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने द्रविड़ की जमकर तारीफ करते हुए यह क़िस्सा सुनाया. नेटवर्क 18 के साथ एक इंटरव्यू के दौरान गांगुली ने कहा,
'मैं राहुल द्रविड़ को शुभकामनाएं देना चाहता हूं. मैंने सुना कि कानपुर में दिन की प्रैक्टिस खत्म होने के बाद वह विकेट्स, गेंदें और प्रैक्टिस से जुड़ा बाकी सामान खुद उठाकर ड्रेसिंग रूम तक ला रहे थे. राहुल द्रविड़ को ऐसा करते देखना निश्चित तौर पर कैमरामैन और फोटोग्राफर्स के लिए बेहतरीन दृश्य रहा होगा. लेकिन वह ऐसे ही व्यक्ति हैं.'इसी इंटरव्यू के दौरान गांगुली ने यह भी कहा कि वह द्रविड़ के साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा को जोड़ी को भी सपोर्ट करते रहेंगे. गांगुली ने कहा,
'हम उन्हें, रोहित और विराट को सपोर्ट करते रहेंगे. उन्हें जो भी चाहिए हम उपलब्ध कराएंगे.'बता दें कि द्रविड़ के अंडर टीम इंडिया की शुरुआत बेहतरीन रही है. उन्होंने अपनी पहली सीरीज में न्यूज़ीलैंड को 3-0 से मात दी. इस T20I सीरीज के बाद दोनों टीम्स के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेली गई थी. भारत ने इस सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया. इस इंटरव्यू के दौरान गांगुली ने विराट से ODI कप्तानी लिए जाने पर भी बात की. गांगुली ने कहा कि उन्होंने कोहली से व्यक्तिगत तौर पर अनुरोध किया था कि वे T20I की कप्तानी ना छोडे़ं. गांगुली ने कहा,
'जैसा कि मैंने पहले भी कहा- मैंने व्यक्तिगत तौर पर कोहली को T20 की कप्तानी छोड़ने से रोका था. जाहिर तौर पर उसे वर्कलोड लगा. जो कि ठीक बात है, वह एक महान क्रिकेटर रहा है, उसने अपनी क्रिकेट में पूरा जोर लगाया है. उसने लंबे वक्त तक कप्तानी की है और ऐसी बातें होती रहती हैं. मुझे यह पता है क्योंकि मैंने लंबे वक्त तक कप्तानी की है. साथ ही, वे व्हाइट बॉल क्रिकेट में एक ही कप्तान चाहते थे. और इसलिए हमें ऐसा करना पड़ा. मुझे नहीं पता कि भविष्य में क्या होने वाला है. लेकिन जैसा कि मैंने कहा, यह एक अच्छी टीम है और इसमें कुछ कमाल के प्लेयर्स हैं और मुझे उम्मीद है कि चीजें बदलेंगी.'इंडियन क्रिकेट टीम की अगली सीरीज 26 दिसंबर से शुरू होगी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली इस विदेशी सीरीज के लिए भारतीय टीम दो अलग-अलग कप्तानों के अंडर जाएगी. विराट कोहली जहां टेस्ट वहीं रोहित शर्मा वनडे टीम की अगुवाई करेंगे.

