BCCI ने टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ियों और अंपायर्स को दे दी सौगात
BCCI सचिव जय शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर पूर्व क्रिकेटर्स की पेंशन को बढ़ाने की घोषणा की है.

BCCI ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स (पुरुष और महिला) और मैच अंपायर्स की पेंशन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. BCCI सचिव जय शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर पूर्व क्रिकेटर्स की पेंशन को बढ़ाने की घोषणा की है. BCCI ने लगभग 900 खिलाड़ियों और अंपायर्स की पेंशन में इज़ाफे का ऐलान किया है.
जय शाह ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा,
'मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि पूर्व क्रिकेटर्स(महिला और पुरुष) और मैच अंपायर्स की मासिक पेंशन बढ़ा दी गई है. इस फैसले से लगभग 900 क्रिकेटर्स और अंपायर्स को फायदा होगा. जबकि इसमें लगभग 75% खिलाड़ियों और अधिकारियों की पेंशन में 100% इजाफा होगा.'
जय शाह ने आगे कहा,
'हमारे पूर्व खिलाड़ी हों या मौजूदा. उनका ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है. उनकी पेंशन बढ़ाना भी उसी दिशा में बढ़ाया गया एक कदम है. साथ ही BCCI अंपायर्स के सालों के योगदान की भी सराहना करता है. ये एक तरीका है उनकी भारतीय क्रिकेट के लिए सेवा को सम्मान देने का.'
BCCI ने अपने सोशल मीडिया पेज पर भी इसकी जानकारी शेयर करते हुए प्रेस रिलीज़ जारी की. जिसमें BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली, अरुण सिंह धूमल ने भी बयान दिया.
सौरव गांगुली ने इस घोषणा के बाद कहा,
'ये बेहद ज़रूरी है कि हम अपने पूर्व खिलाड़ियों की फाइनेंशियल स्थिति का ध्यान रखें. खिलाड़ी बोर्ड की लाइफलाइन हैं. और ये हमारा फर्ज़ है कि उनके रिटायरमेंट के बाद हम उनका ध्यान रखें.'
सौरव गांगुली ने अपंयार्स के योगदान को भी याद किया और कहा,
'अंपायर्स हमारे अन्संग हीरो हैं. और BCCI उनके योगदान को मानता है.'
BCCI के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा,
'आज BCCI जो कुछ भी है वो उसके पूर्व खिलाड़ियों और अंपायर्स की वजह से है. हमें बढ़ाई गई पेंशन की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है जो हमारे पूर्व क्रिकेटर्स की बेहतरी के लिए एक कोशिश है.'
इस घोषणा के बाद BCCI से जुड़े जिन पूर्व सदस्यों की पेंशन 15,000 थी वो अब 30,000 रुपये महीना हो जाएगी. वहीं 22,500 रुपये पाने वालों को 45,000 रुपये मिलेंगे. 30,000 रुपये मिलने वालों को अब 52,500 रुपये मिलेंगे. वहीं 37,500 रुपये वालों को 60,000 रुपये मासिक दिए जाएंगे. जिनकी पेंशन 50,000 रुपये है, उन्हें अब बढ़कर 70,000 रुपये महीना मिलेंगे. ये घोषणा एक जून 2022 से ही लागू हो गई है.

