देखिए एक मैच कैसे पूरी पॉइंट्स टेबल में खलबली मचा देता है!
विकेटकीपर-बल्लेबाज ने गज़ब कप्तानी पारी खेली.
Advertisement

होबार्ट हरिकेन्स के कप्तान मैथ्यू वेड ने 44 गेंद पर 86 रन की पारी खेली. (फोटो- Getty)
Quick AI Highlights
Click here to view more
ऑस्ट्रेलिया में चल रही है बिग बैश लीग. मेलबर्न के मैदान पर लीग का 52वां मैच खेला गया होबार्ट हरिकेन्स और सिडनी सिक्सर्स के बीच. इस मैच से पहले सिडनी सिक्सर्स नंबर-2 पर थी और हरिकेन्स थे नंबर-7 पर. चौराहे की दुकान पर बैठने वाला क्रिकेट विशेषज्ञ भी सिडनी पर ही दांव लगाएगा. लेकिन जैसा कि सातवीं कक्षा से पढ़ते आ रहे हैं- क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है. हरिकेन्स ने मैच पलटा दिया और सात रन से जीत दर्ज की.
सिडनी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. ग़लत, कत्तई ग़लत हो गया फैसला. होबार्ट के लिए ओपनिंग करने उतरे कप्तान मैथ्यू वेड और डार्सी शॉर्ट. दोनों ने 14.3 ओवर में 145 रन जोड़ डाले. वेड ने बनाए 44 गेंद पर 86 रन. शॉर्ट ने बनाए 52 गेंद पर 72 रन. हालांकि पहला विकेट गिरने के बाद सिडनी के गेंदबाजों ने वापसी की और होबार्ड को 200 क्या, 190 से भी पहले रोक दिया. स्कोरबोर्ड पर लगे 20 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन.
जवाब में सिडनी सिक्सर्स ने पहले तीन विकेट 37 रन पर ही गंवा दिए. इसके बाद कप्तान मोइसेस हेनरिक्स और जॉर्डन सिल्क ने 40 गेंद पर 70 रन की साझेदारी की. हेनरिक्स ने 43 रन बनाए और जॉर्डन ने 49 गेंद पर 78 रन. लेकिन ये साझेदारी टूटने के साथ ही सिडनी की उम्मीदें भी टूट गईं. टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 181 रन जुटा सकी. लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई. होबार्ट के लिए नैथन एलिस ने तीन विकेट लिए. मैथ्यू वेड को जबरदस्त कप्तानी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.
इस जीत के साथ ही होबार्ट ने पॉइंट्स टैली में हलचल मचा दी है. टीम अब नंबर-7 से उछलकर नंबर-5 पर आ गई है. पॉइंट्स में तो होबार्ट हरिकेन्स और सिडनी थंडर्स अब बराबरी पर ही हैं. दोनों के 13-13 मैच में 27-27 पॉइंट. बस नेट रनरेट में सिडनी थोड़ा आगे है. हालांकि इस हार के बाद भी सिडनी सिक्सर्स नंबर-2 पर काबिज है. लेकिन नंबर-3 और 4 की टीमों के लिए होबार्ट ने सिरदर्द बढ़ा दिया है.

