आज ग्लेन मैक्सवेल के पास है BBL का आखिरी मौका!
IPL टीमें भी रखेंगी इन खिलाड़ियों पर नज़र.
Advertisement

मैक्सवेल, स्टोइनिस. फोटो: Getty Images
Quick AI Highlights
Click here to view more
मेलबर्न स्टार्स की टीम प्वॉइंट्स टेबल में नंबर सात पर मौजूद है. स्टार्स की कप्तानी ग्लेन मैक्सवेल कर रहे हैं. पिछले दोनों मुकाबले हारने की वजह से मेलबर्न की टूर्नामेंट के नॉक-आउट में क्वालीफाई करने की उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गई है. लेकिन अगर वो सिडनी के खिलाफ इस आखिरी मैच को जीतते हैं तो फिर टेबल में टॉप-5 में आने के उनके चांस ज़रूर बढ़ जाएंगे.
वहीं दूसरी तरफ है मोएसिज़ हेनरिकेज़ वाली सिडनी सिक्सर्स की टीम. सिडनी की टीम पहले ही नॉक-आउट्स के लिए क्वालीफाई कर गई है. टीम के मुकाबले से पहले 32 प्वॉइंट्स हैं और वो शानदार फॉर्म में भी दिख रही है.
दोनों टीमों की टक्कर की बात करें तो पिछले चार मैचों में स्टार्स की टीम कभी भी सिक्सर्स को हरा नहीं पाई है.
मेलबर्न के पास मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल और निक लार्किन जैसे भरोसेमंद और खतरनाक बल्लेबाज़ हैं. लेकिन दिक्कतें भी यही हैं कि इन तीनों के अलावा बाकी खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा नहीं किया जा सकता.
नैथन कुल्टर नाइल टीम के साथ जुड़े हैं लेकिन फिर भी गेंदबाज़ी में टीम की कमज़ोरी दिखती है. पाकिस्तानी पेसर हारिस राउफ भी अब नेशनल ड्यूटी की वजह से टूर्नामेंट के बीच में ही वापस लौट गए हैं. टीम की दिक्कत ये भी है कि ओपनिंग बल्लेबाज़ आंद्रे फ्लेचर भी अब टीम के साथ नहीं हैं.
वहीं दूसरी तरफ सिक्सर्स के पास जोश फिलिपे और जॉर्डन सिल्क जैसे बल्लेबाज़ हैं. जिन्होंने 250 से ज़्यादा रन बनाए हैं.
ऐसे में भले ही इस मुकाबले में क्वालीफायर करने वाला रोमांच ना हो. लेकिन फिर भी ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों पर नज़र ज़रूर रहेगी. क्योंकि मैक्सवेल को IPL में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने रिलीज़ कर दिया है. ऐसे में उनके प्रदर्शन से ऑक्शन में फिर से उनके लिए रास्ते खुल सकते हैं.
इस मैच में इन बड़े-बड़े स्टार्स को देखकर मज़ा तो ज़रूर आने वाला है.

