The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Babar Azam loses cool at journalist over Virat Kohli comparison: Let's end this here

विराट कोहली से तुलना पर नाराज हुए बाबर आजम, पत्रकार ने ऐसा क्या पूछ लिया?

बाबर आजम की तुलना विराट कोहली से कई सालों से होती रही है. ये तुलना 2021 के बाद से और की जाने लगी जब बाबर आजम ने विराट कोहली को ODI रैंकिंग में पीछे छोड़ा. विराट 1,258 दिनों तक ODI रैंकिंग में नंबर 1 रहे थे.

Advertisement
pic
9 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 9 अप्रैल 2026, 05:48 PM IST)
Babar Azam loses cool at journalist over Virat Kohli comparison: Let's end this here
बाबर ने बताया कि वो कंडीशन और मैच की सिचुएशन के हिसाब से खेलते हैं. (फोटो- PTI/X)
Quick AI Highlights
Click here to view more

विराट कोहली. इस जनरेशन के ग्रेट बैटर्स में से एक. कुछ ऐसा ही पाकिस्तान के बाबर आजम के लिए कहा जाता है. एक्सपर्ट्स विराट और बाबर की तुलना भी करते हैं. PSL में एक मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार के इसी सवाल ने बाबर आजम का मूड खराब कर दिया. पत्रकार ने बाबर से विराट कोहली की तरह मैच फिनिश करने की बात पूछी, जिस पर बाबर काफी नाराज हो गए.

बाबर आजम पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज हैं. अक्सर उन्हें विराट कोहली से कंपेयर किया जाता है, क्योंकि दोनों ही अपने देश के सबसे बड़े बैटर माने जाते हैं. लेकिन बाबर को ये बार-बार की जाने वाली तुलना पसंद नहीं है.

PSL 2026 में पेशावर जाल्मी और हैदराबाद किंग्समेन के बीच हुए मैच के बाद बाबर आजम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठे थे. उनकी टीम ने मैच जीता था, और बाबर की परफॉर्मेंस भी ठीक-ठाक रही थी. तभी एक पत्रकार ने सवाल किया, "विराट कोहली के पास आपके जैसे ही शॉट्स हैं, लेकिन वो लगातार मैच फिनिश करते हैं. काफी लोग आपकी तुलना विराट से करते हैं, इस पर आपको क्या कहना है?”

इस सवाल को सुनते ही बाबर आजम का चेहरा बदल गया. उन्होंने गुस्से में जवाब दिया,

"इसे यहीं खत्म करते हैं. आप जिस वजह से सवाल कर रहे हैं, उसे यहीं छोड़ दें. ऐसी तुलना बंद करें, और आगे बढ़ें. ये आपकी गलतफहमी है, मैंने बहुत मैच फिनिश किए हैं.”

बाबर ने आगे बताया कि वो कंडीशन और मैच की सिचुएशन के हिसाब से खेलते हैं. उन्होंने कहा,

“आपको अपने गेम प्लान करना पड़ता है, पार्टनरशिप लगानी होती है. कभी-कभी आपको लगता है कि पिच आसान है, लेकिन आप सही नहीं खेल पाते. टाइमिंग सही नहीं होती, या गैप्स नहीं ढूंढ पाते. आप कोशिश करते हो, पर रन नहीं आते.”

पिछले कई सालों से बाबर आजम की तुलना विराट कोहली से की जाती रही है. ये तुलना 2021 के बाद से और की जाने लगी जब बाबर आजम ने विराट कोहली को ODI रैंकिंग में पीछे छोड़ा. विराट 1,258 दिनों तक ODI रैंकिंग में नंबर 1 रहे थे. इसके बाद बाबर उस पोजीशन पर आए.

इतना ही नहीं, 2023 में बाबर ने एक और रिकॉर्ड बनाया. वो सिर्फ 97 पारियों में 5,000 ODI रन पूरे करने वाले सबसे तेज बैटर बने. विराट कोहली से भी तेज. विराट ने ये मुकाम 114 पारियों में हासिल किया था.

PSL 2026 में बाबर

PSL 2026 में बाबर आजम पेशावर जाल्मी के टॉप स्कोरर रहे हैं. उन्होंने 2 मैचों में कुल 82 रन बनाए हैं. लेकिन उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 126.15 का है. टूर्नामेंट के पहले मैच में रावलपिंडी के खिलाफ 216 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए 28 गेंदों पर 39 रन बनाए थे. पेशावर जाल्मी का दूसरा मैच बारिश की वजह से धुल गया. अभी तक टूर्नामेंट में पेशावर जाल्मी दो अनबीटन टीमों में से एक है.

बुधवार, 8 मार्च को हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ मैच में बाबर आजम ने 37 गेंदों पर 43 रन बनाए. पारी में उन्होंने सिर्फ 6 चौके लगाए. पेशावर जाल्मी ने आखिरी गेंद पर 146 रन का टारगेट चेज करके हैदराबाद किंग्समैन को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया.

बाबर ने मैच में दूसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस के साथ 51 रनों की अच्छी साझेदारी की. वो 15वें ओवर तक खेलते रहे, लेकिन फिर हसन खान की गेंद पर LBW आउट हो गए.

बाबर के आउट होने के बाद इफ्तिखार अहमद ने नाबाद 15 रनों तेज पारी खेली और जाल्मी को जीत दिला दी. इस जीत के साथ पेशावर जाल्मी तीन मैचों में 5 पॉइंट्स के साथ टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है. टीम का अगला मैच 9 अप्रैल को कराची किंग्स के खिलाफ नेशनल स्टेडियम, कराची में होगा.

वीडियो: आईपीएल के पहले ही मैच में रोहित का बल्ला बोला, कोहली भी पीछे नहीं

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()