मुल्क़ को बदनाम... बाबर के सपोर्ट में भड़के शाहिद अफ़रीदी, PCB चीफ़ को सुना दिया!
Babar Azam को जानबूझकर बदनाम कर रहे हैं PCB चेयरमैन ज़का अशरफ़?

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म की लीक चैट्स ने खूब बवाल मचाया हुआ है. पाकिस्तान के नेशनल न्यूज़ चैनल ने उनकी चैट्स पब्लिक कीं. और इसके बाद से फ़ैन्स के साथ पूर्व क्रिकेटर्स भी नाखुश हैं. सोमवार, 30 अक्टूबर को ARY नाम के पाकिस्तानी चैनल ने बाबर और PCB के COO सलमान नसीर के बीच की चैट का स्क्रीनशॉट पब्लिक किया. इस चैट में सलमान ने बाबर से PCB चीफ़ ज़का अशरफ़ को कॉल करने से जुड़ा सवाल किया था. जिसके जवाब में बाबर बोले थे कि उन्होंने ज़का को कोई कॉल नहीं किया.
और इसी लीक चैट पर पूरा बवाल हो रहा है. पूर्व कप्तान और लेजेंडरी ऑलराउंडर शाहिद अफ़रीदी ने इस बात की खूब आलोचना की है. समा टीवी से बात करते हुए अफ़रीदी बोले,
'मैं ये कहूंगा ये घटिया हरकत है. ये बहुत गलत है. हम अपने मुल्क़ को खुद ही बदनाम कर रहे हैं. आप किसी के प्राइवेट मैसेज ऐसे कैसे दिखा सकते हैं. और वो भी जब वो बंदा हमारा कप्तान बाबर आज़म है. मैंने कहीं ख़बर सुनी कि बाबर लगातार PCB चीफ़ से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिल रहा.
मैं सोचता हूं कि इसके जरिए, उस ख़बर को काउंटर किया जा रहा है. लेकिन ये मेरी समझ से परे है कि ऐसा क्यों हुआ. और ये नेशनल टीवी पर क्यों दिखाया गया? क्या PCB चीफ़ ने ऐसा करने के लिए कहा? कम से कम एंकर तो यही बोल रहा है. ये क्या व्यवहार है. और अगर चेयरमैन ने सच में ऐसा किया, तो मुझे बहुत अफ़सोस है, लेकिन ये घटिया है.'
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की ऐसी बैटिंग, जनता ट्रोल करने के लिए पुराने वीडियो निकाल लाई!
इससे पहले, पूर्व कप्तान वक़ार यूनुस ने भी इस बात की आलोचना की थी. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा,
'ये क्या करने की कोशिश कर रहे हो आप लोग? ये घटिया है. खुश हो गए आप लोग. कृपया बाबर आज़म को अकेला छोड़ दें. वह पाकिस्तान क्रिकेट की संपत्ति हैं.'
इस मामले में शो के एंकर की भी सफाई आई है. वसीम बदामी नाम के इस एंकर ने अपनी टीम की ओर से माफ़ी मांगी है. साथ ही उन्होंने अपना पक्ष भी रखा है. बदामी ने दावा किया कि PCB चीफ़ ज़का अशरफ़ ने उन्हें इस चैट का स्क्रीनशॉट दिया था. और उन्होंने ही इसे नेशनल टीवी पर चलाने को कहा था.
जानने लायक है कि बाबर आज़म के लिए हाल का वक्त बहुत अच्छा नहीं रहा है. उनकी टीम World Cup 2023 में बहुत बुरे दौर से गुजर रही है. टीम के सेमी-फ़ाइनल में पहुंचने के चांसेज़ बहुत कम हैं. साथ ही बल्ले से भी बाबर का वक्त बहुत अच्छा नहीं चल रहा है. वह अपने कद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे.
यह भी पढ़ें: लाइव टीवी पर बाबर की पर्सनल चैट लीक, पूरे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया!
और इन सब विवादों के बीच पाकिस्तान के चीफ़ सेलेक्टर इंज़माम उल हक़ ने भी इस्तीफा दे दिया है. इससे पहले PCB ने एक बयान जारी कर कहा था कि वर्ल्ड कप की टीम चुनने के लिए बाबर और इंज़माम को खुली छूट दी गई थी. और वो टूर्नामेंट के बाद कुछ बड़े फैसले ले सकते हैं.
वीडियो: अफ़गानिस्तान ने श्रीलंका को ब्लैकबोर्ड की मदद से हराया?

