The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Babar Azam is probably the top batsman in the world across formats said Virat Kohli

बाबर दुनिया के... पाकिस्तानी कप्तान पर विराट कोहली की बात सुनी?

बाबर पर क्या बोले विराट?

Advertisement
pic
12 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 12 अगस्त 2023, 09:59 PM IST)
Virat Kohli Praised Babar Azam
विराट ने बाबर पर क्या कहा? (फ़ाइल)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बाबर आज़म. तमाम नए क्रिकेट फ़ैन्स की मानें तो अगले विराट कोहली. कोहली की तमाम विराट पारियां देखने से वंचित रह गए इन बच्चों का फेवरेट टाइमपास बाबर को कोहली से बेहतर बताना है. लेकिन असल बात तो यही है कि बाबर को अभी कोहली के क़रीब पहुंचने के लिए बहुत काम करना है. और वो इस रास्ते पर सही तरीके से चल रहे हैं, ऐसा विराट कोहली की बात सुनकर लग रहा है.

विराट ने हाल ही में स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत करते हुए बाबर पर कॉमेंट्स किए. और खुलासा किया कि साल 2019 में मैनचेस्टर में हुई पहली मुलाक़ात के बाद से ही उनके बाबर के साथ अच्छे संबंध हैं. विराट ने कहा,

'बाबर के साथ मेरी पहली बातचीत 2019 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी. मैं इमाद वसीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप के दिनों से ही जानत था, और मैनचेस्टर में हुए मैच के बाद उन्होंने कहा कि बाबर बात करना चाहते हैं. हम बैठे और गेम के बारे में बात की. पहले दिन से मैंने उनके अंदर बहुत सारा सम्मान देखा और यह बदला नहीं है. भले ही शायद वह तमाम फ़ॉर्मेट्स में दुनिया के टॉप बैट्समैन हैं. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और मैंने हमेशा उन्हें खेलते देखना एन्ज़ॉय किया है.'

बता दें कि लंबे वक्त से कोहली और बाबर के बीच तुलना होती है. बीते कुछ सालों में यह तुलना ज्यादा ही बढ़ गई है. विराट इस दौरान एक बुरे दौर से गुजरे, जबकि बाबर का प्रदर्शन काफी बेहतर हुआ है. विराट ने इस इंटरव्यू में जिस मैच की बात की, उसे भारत ने 89 रन से जीता था. कोहली ने इस मैच में 65 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली थी.

बता दें कि बाबर हाल के दिनों में वनडे में बहुत बेहतरीन खेल रहे हैं. उन्होंने हाल ही में सबसे तेजी से 5000 वने रन पूरे किए हैं. उन्होंने हाशिम अमला और विव रिचर्ड्स को पीछे छोड़ा. बाबर अभी वनडे रैंकिंग के टॉप पर हैं. उनके नाम 886 पॉइंट्स हैं. जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद रसी वान डर डुसें के नाम कुल 777 पॉइंट्स. कोहली इस लिस्ट में 705 पॉइंट्स के साथ नौवें नंबर पर हैं.

बाबर बाक़ी रैंकिंग्स में भी कमाल कर रहे हैं. वह T20I रैंकिंग्स में तीसरे नंबर पर मौजूद हैं. जबकि टेस्ट में नंबर चार पर. बाबर हर फ़ॉर्मेट की रैंकिंग्स में टॉप फ़ाइव में मौजूद इकलौते बल्लेबाज हैं. बात बाबर और विराट की टीम्स की करें तो दोनों ही 2 सितंबर को एशिया कप के मैच में आमने-सामने होंगी. साथ ही ये टीम्स सुपर फ़ोर में फिर भिड़ सकती हैं. जबकि इसके बाद इन्हें फ़ाइनल में भी खेलना पड़ सकता है. इसके बाद दोनों टीम्स वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगी. जहां दोनों को 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भिड़ना है. यह मैच पहले 15 अक्टूबर को होना था, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते इसे एक दिन पहले करा लिया गया.

वीडियो: इंडिया-पाकिस्तान मेगा क्लैश पर बोले बाबर आजम, ऐसे खेलेंगे फाइनल

Advertisement

Advertisement

()