ऑस्ट्रेलिया ने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ खेलने से क्यों मना किया?
ICC सुपर लीग का पार्ट थी ये सीरीज.

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड (CA) ने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ वनडे मैच खेलने को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कंगारू टीम ने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ होने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज़ खेलने से मना कर दिया है. ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने ये कदम तालिबान द्वारा महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा और रोजगार पर बढ़ते प्रतिबंधों के जवाब में उठाया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है.
दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई टीम को फरवरी में भारत दौरे पर चार टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है. जिसके तुरंत बाद कंगारू टीम को अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ तीन वनडे मैच की सीरीज़ खेलनी थी. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मार्च के महीने में होने वाली ये सीरीज़ ICC सुपर लीग का हिस्सा थी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी कर कहा कि तालिबान द्वारा महिलाओं और लड़कियों के ऊपर लगे प्रतिबंध के बाद ये फैसला लिया गया है. बोर्ड की तरफ से कहा गया,
# तालिबान ने दिया था बयान‘यह निर्णय तालिबान द्वारा महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर प्रतिबंधों की हालिया घोषणा के बाद लिया गया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, अफ़ग़ानिस्तान समेत दुनियाभर में महिलाओं और पुरुषों को खेल में लाने और उनके विकास को लेकर प्रतिबद्ध है. साथ ही हम महिलाओं और लड़कियों के लिए बेहतर परिस्थितियों की उम्मीद में अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मदद करना जारी रखेंगे. हम इस मामले पर समर्थन के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार को धन्यवाद देते हैं.’
तालिबान के सांस्कृतिक आयोग के उप प्रमुख अहमदुल्ला वसीक ने सितंबर 2021 में बयान जारी कर कहा था कि महिलाओं के लिए खेल जरूरी नहीं है. उन्होंने कहा था,
# Afghanistan को मिलेंगे पॉइंट्स‘यह मीडिया युग है. ऐसे में महिलाओं की फोटोज और वीडियो सामने आएंगे और फिर लोग इसे देखेंगे. इस्लाम महिलाओं को क्रिकेट या इस तरह के खेल खेलने की अनुमति नहीं देता है जहां वे एक्सपोज हों. क्रिकेट और अन्य खेलों में महिलाओं को इस्लामिक ड्रेस कोड नहीं मिलेगा. यह स्पष्ट है कि वे बेनकाब हो जाएंगी और ड्रेस कोड का पालन नहीं करेंगी.’
ऑस्ट्रेलिया बनाम अफ़ग़ानिस्तान वनडे सीरीज में ICC वनडे सुपर लीग के अंक मिलने थे. लेकिन ऑस्ट्रेलिया द्वारा इस सीरीज़ को रद्द किए जाने के फैसले के बाद इसका फायदा अफ़ग़ानिस्तान को मिलेगा और उनके खाते में 30 अंक जोड़ दिए जाएंगे. अफ़ग़ानिस्तान ICC का इकलौता फुल मेम्बर है, जहां महिला टीम नहीं है.
वीडियो: ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज से पहला इतना बड़ा झटका झेल पाएगी टीम इंडिया?

