ऑस्ट्रेलिया ने रद्द की सीरीज़, अफ़गानिस्तान ने बड़ा बॉयकॉट कर दिया!
राशिद और नवीन उल हक ने BBL को दिया बड़ा झटका.

गुरुवार सुबह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एकाएक अफ़गानिस्तान के खिलाफ़ खेली जाने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज़ को रद्द कर दिया है. अफ़गानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये वनडे सीरीज़ मार्च के महीने में यूएई में होनी थी. ऑस्ट्रेलिया ने तालिबान के विरोध में इस सीरीज़ को रद्द करने का फैसला किया है. ऑस्ट्रेलिया के इस कदम के बाद अफ़गानी क्रिकेटर्स ने ऑस्ट्रेलिया को जवाब दिया है. अफ़गानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान समेत कई क्रिकेटर्स ने इस फैसले के बाद ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) का बहिष्कार करने का फैसला किया है.
ऑस्ट्रेलियाई टीम का अफ़गानिस्तान दौरा भारत के खिलाफ़ टेस्ट और वनडे सीरीज़ के बाद होना था. लेकिन अचानक से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वहां खेलने से इन्कार कर दिया.
अफ़गानिस्तानी क्रिकेटर्स का जवाब:ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले के बाद अफ़गानिस्तान के कई क्रिकेटर्स ने इस पर अपनी आवाज़ बुलंद की है. अफ़गानिस्तान टीम के कप्तान राशिद खान, सीनियर क्रिकेटर मोहम्मद नबी, नवीन उल हक, रहमानुल्लाह गुरबाज़ वो क्रिकेटर्स हैं जिन्होंने इस फैसले के विरोध में ट्वीट किए हैं.
BBL का हिस्सा और सिडनी सिक्सर्स टीम के लिए BBL में खेल रहे तेज़ गेंदबाज़ नवीन उल हक ने BBL छोड़ने का ऐलान करते हुए कहा,
'इस फैसले के बाद बिग बैश लीग (BBL) में हिस्सा नहीं लेने का समय आ गया है. इसी तरह उन्होंने एकमात्र टेस्ट के साथ किया था और अब उन्हें ऐसे बचकाना फैसलों को रोकना होगा. जब एक देश इतनी मुश्किलों से गुज़र रहा है तो आप सपोर्ट करने की जगह उससे एकमात्र खुशी की चीज़ भी छीन रहे हैं.'
अफ़गानिस्तान टीम के कप्तान राशिद खान ने भी BBL से खुद को अलग कर लिया है. राशिद ने एक लंबे पोस्ट में लिखा,
'मैं ये सुनकर बेहद निराश हूं कि ऑस्ट्रेलिया ने हमारे साथ मार्च के महीने में होने वाली सीरीज़ को रद्द कर दिया है. मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए गर्व महसूस होता है, और हमने दुनियाभर में एक मकाम बनाया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का ये फैसला हमारे इस सफर में हमें पीछे कर रहा है.
अगर ऑस्ट्रेलिया को हमारे साथ खेलना असहज लगता है तो फिर मैं भी BBL में खेलकर किसी को भी असहज महसूस नहीं करवाना चाहता. इसलिए मैं उस प्रतियोगिता में अपने भविष्य पर गंभीरता से विचार करूंगा.'
राशिद के अलाना मोहम्मद नबी ने भी एक लंबा पोस्ट लिखा. उन्होंने कहा,
'मैं कड़े शब्दों में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हमारे साथ सीरीज़ ना खेलने के फैसले की निंदा करता हूं. क्रिकेट के जरिए हमने दुनिया को दिखाया है कि अगर हमें सही मौके दिए जाएं तो हम किसी से भी कम नहीं हैं. खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए. अफ़गान क्रिकेटर्स मॉर्डन एरा के लिए रोल मॉ़डल हैं.
मैं CA, ICC और दुनियाभर से ये अपील करना चाहता हूं कि ऐसे मुश्किल वक्त में अफ़गानिस्तान का सपोर्ट करें.'
रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने भी इस मामले पर ट्वीट किया है. उन्होंने कहा,
'ऑस्ट्रेलिया के हमारे खिलाफ़ सीरीज नहीं खेलने की खबर देखी. हमें कभी भी राजनीति को क्रिकेट से नहीं जोड़ना चाहिए और हम उम्मीद कर रहे हैं कि दुनिया इस कठिन परिस्थिति में अफ़ग़ानिस्तान का समर्थन करेगी, न कि हमारे पास मौजूद एकमात्र खुशी को छीन लेगी. यह CA का चौंकाने वाला और अस्वीकार्य कृत्य है.'
अफ़गानिस्तान में तालिबान का शासन है. और वहां महिलाओं और लड़कियों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं. जिनमें से एक महिला क्रिकेट भी है. इसी के विरोध में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ने ये फैसला लिया है.
ईशान किशन के ऊपर शुभमन गिल को खिलाने वाले फैसले का मोहम्मद कैफ ने समर्थन किया है!

