स्टार्क और ज़म्पा के आगे वर्ल्ड चैम्पियन इंग्लैंड सीरीज़ हारने को हुआ मजबूर
स्टार्क-ज़म्पा ने कर दिया कमाल.
.webp?width=210)
वर्ल्ड चैम्पियन इंग्लैंड को T20 विश्वकप जीत के एक हफ्ते बाद ही वनडे सीरीज़ में हार देखनी पड़ी है. ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में 72 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज़ को 2-0 से जीत लिया है. सीरीज़ का तीसरा और आखिरी मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार 22 नवंबर को खेला जाएगा.
सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पेट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी. टीम ने स्कोरबोर्ड पर 280 रन लगाए. इस स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 208 रन बनाकर महज़ 38.5 ओवर में ऑल-आउट हो गई.
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्ले से स्टीवन स्मिथ ने कमाल की पारी खेली. पहले 10 ओवर में डेविड वॉर्नर (16 रन) और ट्रेविस हेड (19 रन) के विकेट गिरने के बाद स्मिथ ने मार्नस लाबुशेन के साथ 101 रन की बेहतरीन पार्टनरशिप की. इन दोनों बल्लेबाज़ों ने टीम को 150 रन के करीब पहुंचाया. लेकिन फिर आदिल रशीद ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया. पहले मार्नस 58 रन बनाकर आदिल की गेंद पर आउट हो गए. अगली ही गेंद पर एलेक्स कैरी (0 रन) भी चलते बने.
इस दौरान स्मिथ लगातार अच्छी बल्लेबाज़ी करते रहे. लगातार दो विकेट के बाद उन्होंने मिच मार्श के साथ एक अहम साझेदारी की. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 90 रन जोड़े. लेकिन इसके बाद स्मिथ 94 रन बनाकर रशीद का तीसरा शिकार बन गए.
मिच मार्श ने भी 50 रन की पारी खेली, आखिर में एगर और स्टोइनिस की छोटी पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 280 रन बनाए.
281 रन का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम को पहले ओवर में मिचेल स्टार्क ने दो झटके देकर पटरी से उतार दिया. स्टार्क ने जेसन रॉय और दाविद मलान को शून्य पर लौटाया. इसके बाद छठा ओवर आते-आते फिल सॉल्ट (23 रन) भी हेज़लवुड की गेंद पर बोल्ड होकर लौट गए.
34/3 विकेट गंवाने के बाद जेम्स विंस और सैम बिलिंग्स ने इंग्लैंड की उम्मीदें जगाईं. दोनों बल्लेबाज़ों ने बेहतरीन बैटिंग करते हुए टीम को 150 रन के पार पहुंचाया. लेकिन 60 रन पर विंस को हेज़लवुड ने LBW आउट कर वापस भेज दिया. अगले ही ओवर में एडम ज़म्पा ने मोईन अली को 10 के स्कोर पर बोल्ड मार दिया.
इसके बाद ज़म्पा ने सेट बिलिंग्स का भी शिकार कर लिया. वो भी 71 रन बनाकर बोल्ड होकर लौट गए. एक समय पर पटरी पर लौटती दिख रही इंग्लैंड की टीम अचानक मैच में पिछड़ गई. क्योंकि 200 से पहले ही क्रिस वोक्स और डेविड विली को स्टार्क ने वापसी का रास्ता दिखाकर मैच में ऑस्ट्रेलिया की जीत पक्की कर दी.
आखिर में पूरी इंग्लैंड की टीम 208 रन पर सिमट गई. स्टार्क और ज़म्पा ने 4-4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को सीरीज़ में 2-0 की बढ़त दिला दी.
IPL टीम्स ने अभी से गलत फैसले लेने शुरू कर दिए

.webp?width=60)

