एशिया कप 2023 खेलने भारत, पाकिस्तान जाएगा या नहीं, पता चल गया!
23 फरवरी 2023, खेल की सुर्खियां.

पहली सुर्खी:
एशिया कप 2023 को लेकर एक नया अपडेट आया है. द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक BCCI ने कहा है कि वह एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आ सकते. उन्हें इसके लिए सरकार से मंजूरी नहीं मिलेगी. वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का कहना है कि भारत को टूर्नामेंट में आना चाहिए. उनकी दलील है कि हाल में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड जैसे देश वहां जाकर खेल चुके हैं. ऐसे में इंडिया को दिक्कत नहीं होनी चाहिए.
इस बहस के बीच एक नया फॉर्मूला सामने आ रहा है. कहा जा रहा है कि भारतीय टीम एशिया कप 2023 के अपने मुकाबले UAE में खेलेगी, जबकि बाकी देश पाकिस्तान में खेल सकते हैं. वहीं, भारत-पाकिस्तान का मैच भी UAE में रखने का प्रस्ताव दिया गया है. अगर दोनों देश सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचते हैं, तो यह मुकाबले भी UAE में आयोजित किये जा सकते हैं. इस पूरे मामले पर अभी ऑफिशल अपडेट आना बाकी है.
दूसरी सुर्खी:
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, (WFI) प्रेसिडेंट बृज भूषण शरण सिंह. इनके खिलाफ़ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच चल रही है. और इस जांच के बीच भारत एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप की मेज़बानी खो सकता है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने बुधवार को सरकार द्वारा नियुक्त निगरानी समिति को इससे अवगत कराया है. साथ ही कार्यक्रम को स्थगित करने के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया है.
इस मामले में एक और अपडेट है. स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ़ जांच के लिए गठित ओवरसाइट कमेटी का कार्यकाल दो हफ्तों के लिए बढ़ा दिया है. 20 जनवरी को देश की जानी-मानी रेसलर ने WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे. इस दौरान क़रीब डेढ़ दर्जन रेसलर्स WFI अध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही की मांग लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर भी बैठे थे.
तीसरी सुर्खी:
काहिरा में चल रहे निशानेबाज़ी विश्व कप में अपना चौथा गोल्ड मेडल जीत लिया है. भारतीय स्टार ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने मेंस 50 मीटर राइफल थ्री पोज़ीशन के फाइनल में ऑस्ट्रिया के एलेक्ज़ेंडर श्मर्ल को 16-6 से हराया. यह ऐश्वर्य का तीसरा व्यक्तिगत वर्ल्ड कप गोल्ड था. ऐश्वर्य के गोल्ड के साथ भारत ISSF वर्ल्डकप की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बरकरार है. भारत के पास अब चार गोल्ड और दो ब्रॉन्ज़ मेडल हो गए हैं. जबकि हंगरी दो गोल्ड और एक सिल्वर के साथ दूसरे स्थान पर है.
ऐश्वर्य से पहले भारत के लिए तिलोत्तमा सेन ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल और वरुण तोमर ने मेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज़ जीता था. 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम मैच में रिदम सांगवान और वरुण तोमर की जोड़ी और 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम मैच में नर्मदा नितिन राजू और रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल की जोड़ी ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीता है.
चौथी सुर्खी:
17 मार्च से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलियन टीम का ऐलान कर दिया गया है. 16 सदस्यीय टीम की कमान पैट कमिंस के हाथों में है. जबकि टीम में विस्फोटक बल्लेबाज़ ग्लेन मैक्सवेल, ऑलराउंडर मिचेल मार्श और फास्ट बोलर झाय रिचर्डसन की वापसी हुई है. वहीं चोट के कारण टेस्ट सीरीज़ से बाहर हुए डेविड वॉर्नर का नाम भी स्क्वॉड में शामिल है.
हालांकि चोट के कारण टेस्ट सीरीज़ से बाहर होने वाले फास्ट बोलर जॉश हेजलवुड वनडे टीम का भी हिस्सा नहीं हैं.
वीडियो: कपिल देव, रोहित शर्मा पर क्या बोल गए?

.webp?width=60)

