The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • Asia Cup 2022: Rohit sharma stars in a promo released by star sports before india pakistan mega clash.

रोहित शर्मा का ये वीडियो देख उड़ जाएगी पाकिस्तानी फ़ैन्स की रातों की नींद!

बदला लेने के लिए तैयार है इंडिया.

Advertisement
pic
8 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 8 अगस्त 2022, 05:19 PM IST)
Rohit sharma
रोहित ने लगाई दहाड़ (Twitter/screenshot)
Quick AI Highlights
Click here to view more

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय कमाल की फॉर्म में चल रही है. जो भी टीम सामने आ रही है, टीम इंडिया उसको रौंदते हुए आगे बढ़ रही है. हाल ही में मेन इन ब्लू ने वेस्टइंडीज़ को पहले वनडे और फिर T20 सीरीज़ में एकतरफा तरीके से मात दी. बाइलेट्रल सीरीज़ में धमाल मचाने के बाद अब भारतीय टीम का अगला निशाना है एशिया कप. जहां टीम अपने पहले मैच में पाकिस्तान का सामना करेगी.

ये मुकाबला 28 अगस्त को खेला जाना है. जाहिर है, जब ये टीम्स आमने-सामने होंगी तो वो सिर्फ एक मैच ही नहीं रह जाएगा, बल्कि इसको लेकर दोनों टीम्स की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी होगी. भारतीय टीम के लिए ये मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि टीम T20I विश्व कप में मिली हार का बदला लेने को बेक़रार है. और इस बड़े मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो जारी किया गया है, जिसे देखकर हर भारतीय फैन के अंदर जोश भर जाएगा.

# रोहित का वॉइस ओवर भरेगा जोश

इस महामुकाबले से पहले टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने एक प्रोमो जारी किया है. जिसमें भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म मैदान पर नजर आ रहे हैं. रोहित शर्मा जहां क्रीज पर बल्ला थामे दिख रहे हैं, वहीं बाबर फील्डिंग करते दिख रहे हैं. गेंद पाकिस्तानी बोलर शाहीन अफरीदी के हाथों में है. इस वीडियो में रोहित कहते हैं,

'एक लाइन है हमारे बीच, जो क्रीज़ तक खिंची हुई है और एक बहुत स्पेशल सालों पुराना नाता है हमारी क्रिकेट का. लाइन के उस पार कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं. आज इस लाइन ने फिर आवाज दी है. और आज मेरे इंडिया को 8वीं बार ये कप उठाना है. फिर दुनिया पर तिरंगा लहराना है.’

# जीत की हैटट्रिक लगाने का मौका

भारतीय टीम ने अब तक कुल सात बार एशिया कप अपने नाम किया है. टीम पिछली दो बार से लगातार इस टूर्नामेंट में चैंपियन बनती आ रही है. इस बार 'मेन इन ब्लू' डिफेंडिंग चैंपियंस के तौर पर मैदान पर उतरने वाले हैं. ऐसे में टीम की कोशिश एशिया कप में जीत की हैटट्रिक लगाने पर होगी. भारत और पाकिस्तान आखिरी बार T20I वर्ल्ड कप 2021 में एक-दूसरे से भिड़े थे. जिस मुकाबले में पाकिस्तान को 10 विकेट से जीत मिली थी. ऐसे में रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत की कोशिश उस हार का बदला लेने की होगी.

वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ 21 रन बनाते ही रोहित पहुंच गए टॉप पर

Advertisement

Advertisement

()