आशीष नेहरा का वो IPL रिकॉर्ड जो टूट ही नहीं सकता!
आशीष नेहरा ऐसे एकमात्र प्लेयर नहीं हैं जिन्होंने बतौर प्लेयर और कोच IPL ट्रॉफी जीती है. पर उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे दोहराना लगभग नामुमकिन होगा.

इटली के महान फुटबॉलर आंद्रेय पीयलो ने अपनी किताब 'आई थिंक देयरफॉर आई प्ले' में लिखा था.
‘मैं किसी तरह का कोई प्रेशर महसूस नही कर रहा था. 9 जुलाई, 2006 की दोपहर मैं बर्लिन में प्लेस्टेशन पर गेम खेल रहा था. और उसी शाम, मैंने जाकर वर्ल्ड कप जीत लिया था.’
फुटबॉल फ़ैन्स आंद्रेय पीयलो के इस क़िस्से का ज़िक्र लगातार करते रहते हैं. अब आप सोच रहे होंगे कि मैने आपको ये क्यों बताया. दरअसल IPL2022 फाइनल के दौरान आशीष नेहरा को देखकर इस प्रसंग की याद आ गई. नेहरा जी किसी भी पड़ाव पर प्रेशर में नजर नहीं आए. नेहरा जी की सादगी के फ़ैन्स पूरे देश-दुनिया में हैं. चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस, पुणे वॉरियर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने के बाद नेहरा जी IPL2022 में गुजरात टाइटन्स के कोच बने.
और हमने देखा है कि कैसे IPL टीम्स के कोच लगातार स्टैट्स, रणनीति और प्लानिंग करते नजर आते हैं. वहीं नेहरा कभी भी व्याकुल या चिंतित नहीं दिखे. IPL2022 फाइनल के दौरान नेहरा की दो फोटो वायरल हो गई. पहली में नेहरा नारियल पानी पी रहे हैं. जबकि दूसरी तस्वीर में उनके हाथ में एक पेपर है. वो पेपर पूरे मैच के दौरान उनके हाथ में दिखा. इस डिजिटल एरा में ये उनकी सादगी का एक उदाहरण है.
एक और फोटो कुछ दिन पहले वायरल हुई थी, जिसमें नेहरा गुजरात टाइटन्स की एक टीम मीटिंग को संबोधित करते नजर आ रहे हैं. इस मीटिंग में कप्तान हार्दिक पंड्या, डेविड मिलर, वरुण आरोन, मैथ्यू वेड और शुभमन गिल के साथ टीम के मेंटॉर और बैटिंग कोच गैरी कर्स्टन भी नज़र आ रहे हैं. इस मीटिंग में नेहरा बोलते नजर आ रहे हैं कि कुछ खास करने की जरूरत नहीं है. सिर्फ अच्छे से खाइए और आराम कीजिए. फ़ैन्स ने इस तरीके और सोच को खूब दाद दी.
अब आपको बताते है नेहरा जी के एक ऐसे रिकॉर्ड के बारे में, जिसकी बराबरी करना लगभग नामुमकिन हो सकता है. पहले तो ये कि नेहरा जी ने IPL ट्रॉफी बतौर प्लेयर और हेड कोच जीती है. लेकिन ऐसा करने वाले वो इकलौते प्लेयर नहीं हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डैरेन लीमन के नाम भी ये रिकॉर्ड है. पॉन्टिंग ने हेड कोच रहते हुए 2015 में मुंबई इंडियंस को ट्रॉफी जिताई थी. इसके पहले 2013 में खेलते हुए पॉन्टिंग ने मुंबई के साथ ये ट्रॉफी जीती थी.
लीमन की बात करें तो उन्होंने 2008 में राजस्थान के साथ पहले ही साल टाइटल जीता था. और फिर लीमन ने अगले ही साल बतौर कोच डेक्कन चार्जर्स को IPL ट्रॉफी जिताई. अब नेहरा जी पर लौटें तो 2016 में सनराइजर्स के लिए खेलते हुए नेहरा ने IPL ट्रॉफी अपने नाम की. उसके बाद 2022 में उनका कारनामा हम सबने देख ही लिया है. लेकिन वो इकलौते ऐसे प्लेयर हैं जिन्होंने ये काम एक ही तारीख पर किया है. 29 मई 2016 और 29 मई 2022. इन दोनों दिनों पर नेहरा के नाम के आगे IPL विजेता लिखा गया. ऐसा करने वाले वो इकलौते प्लेयर हैं.
IPL 2022: हार्दिक पंड्या ने बताया डेविड मिलर से क्या कहते हैं वो

