The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • AFC slots to be increased to 8.5 from FIFA World Cup 2026, will India benefit?

फीफा ने बढ़ाया एशिया का क़ोटा, 2030 वर्ल्ड कप खेलेगी इंडिया?

लगभग दोगुनी हो गई हैं एशिया की सीट्स.

Advertisement
pic
1 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 2 अगस्त 2022, 11:26 AM IST)
Indian Football Team World Cup slots AFC FIFA
इंडियन फुटबॉल टीम (फाइल फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

इंडियन फुटबॉल फ़ैन्स के लिए फीफा ने एक खुशखबरी भेजी है. मतलब ऐसा इमीडिएट नहीं है, लेकिन हो सकता है. बात ये है कि फीफा ने AFC यानी एशियन फुटबॉल कॉन्फेडरेशन के लिए वर्ल्ड कप की सीटें बढ़ा दी हैं. ये परिवर्तन 2022 वर्ल्ड कप के बाद होगा. 2026 वर्ल्ड कप कनाडा, अमेरिका और मेहिको (Mexico) में खेला जाना है. अभी तक AFC के क़ोटे में 4.5 स्लॉट्स थे. यानी एशिया से चार टीम्स वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वॉलिफाई करती थी. पांचवीं टीम को किसी दूसरे महाद्वीप से एक प्लेऑफ गेम खेलना होता था.

और अब एशिया के पास चार एक्स्ट्रा क़ोटे हैं. क्योंकि फीफा 2026 वर्ल्ड कप से इस टूर्नामेंट को 48 देशों का करने की तैयारी कर रहा है. इसी के चलते हर महाद्वीप का क़ोटा बढ़ा दिया गया है. अब एशिया के हाथ 4.5 की जगह 8.5 कोटे आए हैं. इसके बाद इंडिया के साथ-साथ कई और एशियन देश वर्ल्ड कप खेलने का सपना देख सकते हैं. 2022 वर्ल्ड कप के बाद क्वॉलिफिकेशन की प्रक्रिया भी बदली जाएगी.

शुरुआती जॉइंट क्वॉलिफिकेशन राउंड वन में AFC रैंकिंग्स में 26-47 पर बैठे देश हिस्सा लेंगे. इन 22 में से 11 देश आगे जाएंगे. फिर बारी आएगी राउंड टू की. इसमें इन 11 देश के साथ AFC के टॉप 25 देश भी हिस्सा लेंगे. यानी कुल 36 देश इस राउंड में हिस्सा लेंगे. यहां से इंडिया का सफर शुरू होगा. नौ ग्रुप बनाए जाएंगे. हर ग्रुप में चार टीम होगी. हर ग्रुप की टॉप दो टीम्स अगले राउंड में जाएंगी. इसके बाद आएगी एशियन क्वॉलिफायर्स की बारी.

पिछले राउंड से क्वॉलिफाई करने वाली 18 टीम्स को तीन ग्रुप्स में बांट दिया जाएगा. हर टीम अपने ग्रुप में होम-अवे के हिसाब से 10 मैच खेलेगी. हर ग्रुप की टॉप दो टीम्स वर्ल्ड कप की फ्लाइट पर बैठ जाएंगी.

ये हुए छह स्पॉट. रुकिये, 2.5 अभी भी बचे हैं. इस राउंड को एशियन प्लेऑफ कहा जाएगा. पिछले राउंड के हर ग्रुप की तीसरी और चौथी टीम्स को मिलाकर दो ग्रुप बना दिए जाएंगे. हर ग्रुप में तीन-तीन देश रहेंगे. ये टीम्स फिर एक दूसरे से होम-अवे फॉर्मैट में खेलेंगी. दोनों ग्रुप की टॉप टीम्स वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई कर जाएंगी. दूसरे रैंक पर आने वाली टीम्स आपस में एक मैच खेलेंगी. जो भी इस मैच को जीतेगा, वो प्लेऑफ मुकाबला खेल वर्ल्ड कप जाने की कोशिश करेगा.

इससे इंडियन फुटबॉल टीम को फायदा हो सकता है. फ़ैन्स को ढेर सारे मैच देखने को मिलेंगे, और इंडिया को वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाई करने के कई मौके मिलेंगे. फिलहाल इंडिया ने 2023 एशिया कप के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है और इंडियन फ़ैन्स चाहेंगे कि ब्लू टाइगर्स वहां अच्छा प्रदर्शन करे. 2026 अगर न भी हो पाए, तो इंडियन फ़ैन्स चाहेंगे कि उनकी टीम 2030 तक ये सपना सच कर दिखाए.

वर्ल्ड चैम्पियनशिप में चांदी लाने वाले को भूल गई ममता सरकार

Advertisement

Advertisement

()