IPL छोड़, PSL में क्यों खेल रहे एडम जंपा? ऑस्ट्रेलियन प्लेयर ने बताया, वजह पैसा है
एडम जंपा साल 2016 से IPL में खेल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने चार टीमों का प्रतिनिधित्व किया है. 10 साल बाद उन्होंने इस लीग में न खेलने का फैसला किया.

एडम जंपा ने इस सीजन में IPL की जगह पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) में खेलने का फैसला किया. पिछले सीजन तक जंपा हैदराबाद का हिस्सा थे, लेकिन टीम ने बीते साल मिनी ऑक्शन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया. जंपा ने खुद को IPL के लिए रजिस्टर नहीं किया और पाकिस्तान सुपर लीग खेलने का फैसला किया. जंपा ने अपने इस फैसले के पीछे की वजह बताई है.
एडम जंपा ने क्यों छोड़ा IPL?जंपा साल 2016 से IPL में खेल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने चार टीमों का प्रतिनिधित्व किया है. 10 साल बाद उन्होंने इस लीग में न खेलने का फैसला किया. जंपा ने पाकिस्तान के ARY पॉडकास्ट से कहा,
मैंने इस साल IPL से अपना नाम वापस ले लिया. सच कहूं तो, मेरे जैसे कौशल वाले खिलाड़ी को वह पैसा नहीं मिलता जो दूसरे तरह के कौशल वाले खिलाड़ियों को मिलता है. और IPL में जितना समय लगता है, उसे देखते हुए मुझे इसे खेलते रहना कोई समझदारी भरा फ़ैसला नहीं लगा.
आपको बता दें कि आईपीएल सबसे लंबी टी20 लीग है. यह लीग दो महीने तक चलती है, जिसमें इस बार 80 से ज्यादा मुकाबले खेले जाएंगे. वहीं, पाकिस्तान सुपर लीग में इसके आधे यानी लगभग 45 मैच ही खेले जाते हैं. यह लीग लगभग एक महीने में ही खत्म हो जाती है.
यह भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह ने डाला IPL का सबसे लंबा ओवर, इस अनचाहे क्लब में नाम जुड़ा
ब्रेक की जगह चुना PSLIPL छोड़कर पाकिस्तान सुपर लीग में जंपा कराची किंग्स के लिए खेल रहे हैं. टीम ने उन्हें 1.51 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है, जबकि IPL में उन्हें पिछले साल 2.40 करोड़ रुपए मिले थे. PSL जंपा के प्लान में नहीं थी, लेकिन वह यहां खेलकर खुश हैं. उन्होंने बताया,
मैं ब्रेक लेने का सोच रहा था. पाकिस्तान सुपर लीग एक महीने पहले ही मेरे प्लान में शामिल हुई. सबकुछ बहुत जल्दी हुआ पर मैं एंजॉय कर रहा हूं.
जंपा भले ही इस सीजन IPL का हिस्सा नहीं हैं, फिर भी IPL के इतिहास में उनका नाम दर्ज है. वह इस लीग में बेस्ट स्पेल डालने वाले स्पिनर हैं. साथ ही वह इस टूर्नामेंट में एक पारी में छह विकेट लेने वाले इकलौते स्पिनर हैं. उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने डेब्यू सीजन, 2016 में बनाया था. विशाखापत्तनम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे.
PSL 2026 में, जंपा अपने पूर्व साथी डेविड वॉर्नर की ही कप्तानी में खेल रहे हैं. उन्होंने अब तक दो मैचों में 4.62 की इकॉनमी रेट से तीन विकेट लिए हैं. वो T20I में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं, जिन्होंने 115 मैचों में 147 विकेट चटकाए हैं.
वीडियो: RR के रवींद्र जडेजा CSK के खिलाफ मैच में क्यों हुए इमोशनल?

.webp?width=60)
