ऑस्ट्रेलिया को T20I वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा!
ऐरन फिंच ने वनडे क्रिकेट से पहले ही ले लिया था संन्यास.

ऐरन फिंच. ऑस्ट्रेलियाई टीम के विस्फोटक बल्लेबाज और T20I टीम के कप्तान. फिंच ने T20 इंटरनेशल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. फिंच ने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला T20 वर्ल्ड कप खिताब जिताया था. इसके साथ वो साल 2015 में वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं.
मंगलवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में प्रेस कॉफ्रेंस कर फिंच ने अपने रिटायरमेंट की सूचना दी है. उन्होंने कहा,
‘यह महसूस करते हुए कि मैं अगले वर्ल्ड कप 2024 तक नहीं खेलूंगा, ये सही समय है कि मैं टीम को छोड़ दूं और टीम को इस इवेंट के लिए खुद को तैयार करने और प्लान बनाने का समय दूं.’
इसके साथ अपनी फैमिली और साथी खिलाड़ियों का शुक्रिया करते हुए उन्होंने कहा,
‘मैं अपनी फैमिली का शुक्रियाअदा करना चाहता हूं, खास तौर पर मेरी बीवी एमी, मेरे साथ खिलाड़ी, क्रिकेट विक्टोरिया, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट एसोसिएशन का. उनके सपोर्ट के लिए, मुझे उस खेल को खेलने की अनुमति देने के लिए जो मुझे सबसे ज्यादा पसंद है.
मैं उन सभी फ़ैन्स को भी बहुत-बहुत धन्यवाद कहना चाहता हूं जिन्होंने मेरे पूरे इंटरनेशनल करियर में मेरा समर्थन किया है.’
अपने इंटरनेशनल करियर के दो सबसे बड़े पलों का ज़िक्र करते हुए फिंच ने कहा,
#बोर्ड ने क्या कहा?‘आप ये गेम टीम की सफलता के लिए खेलते हैं. और T20 वर्ल्ड कप 2021 की पहली (ट्रॉफी) जीत और 2015 में घर पर वनडे वर्ल्ड कप उठाना दो यादें होंगी जिन्हें मैं सबसे ज्यादा संजोता हूं. 12 सालों तक ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व कर पाना और अब तक के कुछ महानतम खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ खेलना सम्मान की बात रही है.’
फिंच के इस फैसले के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमेन लाचलन हेंडरसन ने उनकी तारीफ की. और कहा,
‘ऐरन की तुलना में कुछ ही बल्लेबाज उनसे ज्यादा शक्तिशाली थे. ये बात इस फैक्ट से प्रूव होती है कि उनके नाम T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन में से दो सर्वोच्च स्कोर हैं. जबकि वह मैदान पर एक कठिन प्रतियोगी थे, ऐरन ने हमेशा अपने चेहरे पर मुस्कान और सही भावना के साथ इस खेल को खेला है.’
बताते चलें, ऐरन फिंच ने वनडे क्रिकेट से बीते साल ही संन्यास ले लिया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 146 वनडे, 103 T20I और पांच टेस्ट मुकाबले खेले हैं. अपने T20I करियर का अंत फिंच ने इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाकर किया है. फिंच के नाम 3120 रन हैं.
वीडियो: India vs England मैच में टीम इंडिया को रुला देने वाला गेंदबाज!

