The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Sports
  • 5 Best Innings of Indian Cricket star Cheteshwar Pujara

चेतेश्वर पुजारा की वो पांच पारियां जिन्होंने धुंआ उड़ा दिया!

राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय क्रिकेट की नई दीवार...

Advertisement
pic
25 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 26 जनवरी 2021, 07:01 AM IST)
Cheteshwar Pujara Watching The Ball 1200
Cheteshwar Pujara ने Rahul Dravid Birthday पर पूरे किए 6000 Test Run (एपी फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more
चेतेश्वर पुजारा. भारतीय क्रिकेट की नई दीवार. जो लोग इस बात को नहीं मानते थे, वो गाबा और सिडनी में आखिरी दिन उनके द्वारा खेली गई पारियों को देखकर ज़रूर मानेंगे कि मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट में टेस्ट की सबसे बड़ी दीवार चेतेश्वर पुजारा ही हैं.
चेतेश्वर पुजारा आज अपना 33वां जन्मदिन मना रहे हैं. क्रिकेट फैन्स और कई भारतीय खिलाड़ी ने इस खास मौके पर पुजारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट कर पुजारा को विश किया. कोहली ने लिखा,
"हैप्पी बर्थडे पुज्जी, स्वस्थ रहें, खुश रहें और ऐसे ही पिच पर और समय बिताते रहें."
मास्टर ब्लास्टर सचिन ने लिखा,
"स्वस्थ रहें,खुश रहें और जिस तरीके से अभी खेल रहे हैं, आगे भी ऐसे ही खेलते रहें.''
युवराज सिंह ने पुजारा को एक 'वॉरियर' बताया. युवराज ने लिखा,
"आप एक बहादुर बैट्समैन हैं जो अपने देश के लिये शरीर पर चोट खा कर भी टिके रहते हैं. आप पर गर्व है, आने वाली इंग्लैंड दौरे के लिए शुभकामनाएं."
पुजारा ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में टेस्ट डेब्यू किया. दूसरी पारी में ही पुजारा ने बता दिया कि वो लंबे रेस के घोड़े हैं. बेंगलुरु की टर्निंग पिच पर पुजारा ने 72 रन की शानदार पारी खेली. पुजारा ने अपने टेस्ट करियर में अभी तक कई अहम पारियां खेली है. आइए नज़र डालते हैं उनकी 5 बेहतरीन पारियों पर. 1. 202 रन vs ऑस्ट्रेलिया - रांची (2017) 4 मैचों की श्रृंखला का तीसरा मैच रांची में खेला जा रहा था. पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता, फिर दूसरे टेस्ट में भारत ने शानदार वापसी कर ली. तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 451 रन टांग दिए. दबाव भारत पर था लेकिन पुजारा ने शानदार पारी खेली और दोहरा शतक जड़ दिया. इस दौरान उन्होंने किसी भारतीय बैट्समैन द्वारा सबसे लंबी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी बनाया. पुजारा ने इस पारी में 525 गेंदों का सामना किया. ये मैच ड्रॉ हो गया था. 2. 145 रन vs श्रीलंका - कोलंबो (2015) इस पारी से पहले पुजारा आउट ऑफ फॉर्म थे. जिसकी वजह से उन्हें टीम से ड्रॉप भी कर दिया गया. श्रीलंका दौरे पर वो टीम में तो थे लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल रही थी. तीसरे टेस्ट मैच से पहले मुरली विजय चोटिल हो गए. पुजारा को ओपनिंग करने को कहा गया. पुजारा ने पारी की शुरुआत की और शानदार पारी खेलते हुए 145 रन बना डाले. ये पारी उनके आगे के क्रिकेट करियर के लिये भी जरूरी थी. उन्हें मैन ऑफ दि मैच चुना गया. भारत 22 साल बाद श्रीलंका को उसके घर में हराकर सीरीज जीतने में कामयाब हुआ.
Pujara Bat
चेतेश्वर पुजारा. फोटो: AP
3. 153 vs साउथ अफ्रीका - जोहान्सबर्ग (2013) एक बेहतरीन गेंदबाज़ी अटैक के सामने पुजारा ने दूसरी पारी में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 153 रन बनाए. पुजारा ने इस पारी के दौरान 270 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत भारत इस मैच को ड्रॉ करवाने में कामयाब रहा. 4. 92 vs ऑस्ट्रेलिया - बेंगलुरु (2017) पुणे में खेला गया सीरीज का पहला मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम ने बेंगलुरु में शानदार वापसी की. इस मैच में पुजारा ने रहाणे के साथ मिलकर दूसरी पारी में बेहतरीन साझेदारी की. पुजारा भले ही 8 रन से शतक चूक गए. लेकिन उनकी ये पारी हमेशा याद रखी जाएगी. भारत ने इस मैच को 75 रनों से जीता था.
Pujara Century
चेतेश्वर पुजारा. फोटो: AP
5. 123, 71 vs ऑस्ट्रेलिया - एडिलेड (2018) सीरीज का पहला मैच एडिलेड में खेला जा रहा था. पहली पारी में ही भारतीय टीम लड़खड़ा गई. लेकिन पुजारा ने 123 रनों की बेजोड़ पारी खेल टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. पुजारा का बल्ला दूसरी पारी में भी बोला और 71 रन की मैच जीताऊ पारी खेली. भारत 31 रन से इस मैच को जीत कर सीरीज में बढ़त हासिल करने में कामयाब हुआ. इस पूरी सीरीज में पुजारा ने शानदार बल्लेबाजी की और भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराकर इतिहास रचा.
ये पांच पारियां पुजारा के करियर की झलकियां हैं. इन पारियों के अलावा उन्होंने अनेकों ऐसी इनिंग्स खेली हैं, जिनकी बदौलत भारत ने या तो मैच जीता या बचाया है. पुजारा राहुल द्रविड़ के बाद भारत के सिर्फ दूसरे ऐसे टेस्ट क्रिकेटर हैं. जिन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए 5000 से ज़्यादा रन बनाए हैं. ये भी एक वजह है कि उन्हें दीवार के नाम से पहचाना जाता है.
इस कॉपी को लिखा है हमारे साथी इंटर्न रितेश राज ने

Advertisement

Advertisement

()